छुहिया घाटी में बदमाशों ने फायरिंग कर ओडिशा पुलिस से कुख्यात गांजा तस्कर को छुड़ाया

सीधी। सीधी – रीवा की सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम पर फायरिंग कर कुख्यात गांजा तस्कर को छुड़ा लिया। चार गाड़ियों में पहुंचे बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेरकर तीन बार गोली चलाई। बेसबॉल बैट से भी हमला किया। इसके बाद आरोपी को लेकर मैहर की ओर भाग गए। घटना में पुलिस वाहन का कांच टूट गया और एक टायर में गोली लगी। फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है। जानकारी के अनुसार

ओडिशा पुलिस एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। पुलिस टीम में कुल 8 पुलिसकर्मी थे। मंगलवार सुबह करीब 11बजे पुलिस टीम रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी से गुजर रही थी। इसी दौरान चार गाड़ियों में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर तीन बार फायरिंग की और बेसबॉल बैट से हमला किया। इसके बाद आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया। घटना के समय ओडिशा पुलिस की टीम के पास एके-47 पिस्टल समेत अन्य हथियार थे। हमले में पुलिस वाहन का कांच टूट गया। एक टायर में भी गोली लगी, जिससे वह फट गया।आरोपी को छुड़ाने के बाद बदमाशों की गाड़ियां मैहर जिले की ओर रवाना होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद सीधी पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट किया। संदिग्ध वाहनों और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। छुहिया घाटी और आसपास के इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक-

घटना की जानकारी मिलते ही सीधी एसपी संतोष कोरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस को रवाना किया गया था। ओडिशा पुलिस के अनुसार बदमाशों ने टीम पर तीन बार फायरिंग की और आरोपी को जबरन छुड़ाकर ले गए। फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है।

Next Post

स्कॉर्पियो ने पैदल व्यक्ति को कुचला, मौत के बाद शव फेंककर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार

Tue Sep 29 , 2026
सिंगरौली: मोरवा थाना क्षेत्र के पिपरखड़ में स्कॉर्पियो की चपेट में आने से एक पैदल व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद चालक गौरव मिश्रा घायल को अस्पताल ले जाने की बात कहकर शव को बरगवां के माल पहाड़ के पास फेंककर फरार […]

You May Like