- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने म.प्र. के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ की कार्यक्रम में सहभागिता
- मेरे गृह जिले सीहोर की पवित्र धरा की माटी का प्रताप है कि प्रदेश-देश की जनता की सेवा करने का सौभाग्य मिला- शिवराज सिंह चौहान
- सीहोर जिला मेरे बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी है- शिवराज सिंह चौहान
- मेरी पदयात्रा विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री जी के संकल्प की दिशा में कदम- शिवराज सिंह चौहान
- मीडिया के मित्रों, मोहन यादव जी मेरे मुख्यमंत्री हैं, इसमें कोई कयास मत लगाना- शिवराज सिंह चौहान
- पार्टी का काम मेरे लिए भगवान की पूजा
- विकसित भारत तब बनेगा, जब हर गाँव विकसित होगा, यही पदयात्रा का उद्देश्य- शिवराज सिंह चौहान
- जब तक मेरी साँस और हाथ-पाँव चलेंगे, मैं जनता की सेवा करूंगा- शिवराज सिंह चौहान
- जल्दी ही सीहोर में नर्मदा जी का पानी आने वाला है, सारे गाँवों को पानी मिले, इस दिशा में निरंतर काम जारी है-शिवराज सिंह
- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने 2018 के आवास प्लस की सूची में बचे 7,85,336 मकान म.प्र. को किए स्वीकृत, CM को मंच पर ही सौंपा पत्र, 9424 करोड़ रु. होंगे खर्च
- मनरेगा के लिए 6,263 करोड़ रु. का लेबर बजट भी शिवराज सिंह ने किया स्वीकृत
सीहोर/भोपाल/नई दिल्ली, 7 जून 2025, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ पीजी कॉलेज, सीहोर में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर शिवराज सिंह ने कहा कि सीहोर की इस पवित्र धरा पर, जो मेरा गृह जिला है, इस पर हम पले-बढ़े, इसी माटी का प्रताप है कि प्रदेश की जनता की सेवा करने का सौभाग्य मिला। इसके बाद प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में किसानों की सेवा, लखपति दीदी की सेवा करने का सौभाग्य मिला। ये सब इस जिले की माटी का प्रताप और यहां के प्रिय निवासियों के प्रेम व आशीर्वाद का फल है। मैंने कोशिश की है कि जिस पद पर रहूँ, आपके सम्मान में कोई कमी न आने दूँ। आपके आशीर्वाद से प्रदेश और देश की सेवा करने का प्रयास कर रहा हूँ।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने कहा कि सीहोर जिला मेरे बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी है। शिवराज सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव का स्वागत करते हुए कहा कि हमारा कॉन्सेप्ट क्लियर है, मोहन जी मुख्यमंत्री हैं, विकास की उनकी तड़प प्रदेश को आगे बढ़ा रही है। मैं अंतरात्मा से कहता हूँ कि मुझसे अच्छा काम मोहन यादव करें, क्योंकि ये प्रदेश के लिए जरूरी है।
शिवराज सिंह ने कहा कि कई बार इधर-उधर की खबरें आती है कि मैंने अपने क्षेत्र में पदयात्रा की। मेरा क्षेत्र मेरा परिवार है। हम विकसित भारत के लिए बुधनी और क्षेत्र को एक मॉडल बनाने का काम करें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत तब बनेगा जब हर गाँव विकसित होगा। इसलिए, हमने कोशिश की पैदल चलकर कि हम अलग-अलग मॉडल बनाएं, पानी बचाएं, बिजली बचाएं, स्वच्छता रखें, लाड़ली दीदियों से चर्चा, किसान और वैज्ञानिकों का संवाद, श्रमदान, जल संवर्धन। ये धर्म है जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की बेहतर सेवा करना। मीडिया के मित्रों ने कुछ अलग रूप दे दिया कि ये निकल गया, पता नहीं क्यों निकला है। शिवराज सिंह ने कहा कि पार्टी जो काम देती है, मैं उसे भगवान की पूजा मानकर करता हूँ।
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में मैं दिन और रात दौड़ रहा हूँ। पहले मैंने प्रदेश में काम किया और अब मैं देश के लिए काम कर रहा हूँ। पार्टी का कहा मेरे लिए ब्रह्मवाक्य है। शिवराज सिंह ने कहा- “मीडिया के मित्रों, मोहन यादव मेरे मुख्यमंत्री हैं। इसमें कोई कयास मत लगाना।”
उन्होंने कहा कि मैं दिन-रात एक ही काम कर रहा हूँ कि कैसे राज्यों से मिलकर किसान की जिंदगी कैसे बेहतर बनाएं, कैसे महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण हो, ये मैं पूरे देश में कर रहा हूँ। जब तक मेरी साँस और हाथ-पाँव चलेंगे, मैं जनता की सेवा करूंगा। शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश और देश का विकास तब तक पूरी तरह नहीं हो सकता, जब तक जनता साथ न दे। स्वच्छता रखना है तो किसे आगे आना पड़ेगा। बिजली बचाने, पानी बचाने, योजनाओं का लाभ लेने आपको ही आगे आना पड़ेगा।
शिवराज सिंह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प है और इसे पूरा करने में हम कोई कसर न छोड़ें। गंगा जल संवर्धन के लिए जो काम प्रदेश में हुआ है, उसके लिए बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमारे जनप्रतिनिधियों ने कुछ मांगें की हैं, मुझे पूरा विश्वास है कि वो विकास के लिए निश्चित ही पूर्ण होंगी। जल्दी ही सीहोर में नर्मदा जी का पानी आने वाला है। सारे गाँवों को पानी मिल जाए, इस दिशा में निरंतर काम जारी है।
शिवराज सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में भोपाल और सीहोर एक होने वाले हैं, तेजी से विकास होगा तो सीहोर को भी लाभ मिले, हमारी यही मांग मुख्यमंत्री जी से है। मैं भी इसी जिले का हूँ, तो मेरी ड्यूटी है कि यहाँ की मांगों को और पुष्ट करूँ।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने मध्य प्रदेश की जनता को सौगातें देते हुए कहा कि पिछले साल हमने गरीबों के लिए 14 लाख मकान स्वीकृत किया थे। 2018 के आवास प्लस की सूची में 7,85,336 मकान अभी बचे हैं। अब प्रधानमंत्री जी के आशीर्वाद से मैं आज पत्र लेकर आया हूँ, ये सभी मकान भारत सरकार स्वीकृत करती है। 2018 की आवास प्लस सूची पूरी तरह संतृप्त हो जाए। बाकी भी कोई गरीब बिना मकान के न रहे, एक व्यापक सर्वे का काम चल रहा है, सर्वे पूरा होकर, उसकी जाँच होकर जो सूची बनेगी, उसे भी स्वीकृत किया जाएगा। आवास प्लस के मकान बनाने में 9,424 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मनरेगा के लिए हमने 6,263 करोड़ रुपये का लेबर बजट भी स्वीकृत किया है। उन्होंने कहा कि बहनों को लखपति बनाने का अभियान चल रहा है। 1.48 करोड़ दीदियाँ लखपति बनी हैं। लाड़ली बहना तो चलेगी ही, लेकिन बहनें लखपति भी बनेंगी।l, ये अभियान निरंतर चलेगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने किसान भाइयों से कहा कि वैज्ञानिक आपके गाँव में आ रहे हैं। 16 हजार वैज्ञानिक निकले हैं जो लैब में रिसर्च करते है, मैंने सोचा कि लैब को लैंड से जोड़ दो। वैज्ञानिक सीहोर में भी निकले हैं, ये खरीफ में ही उत्पादन बढ़ाने का अभियान है। विकसित भारत के लिए विकसित खेती और समृद्ध किसान, यही हमारा संकल्प है। अच्छे बीज, माटी के तत्व, खाद से जुड़ी जानकारी वैज्ञानिक किसानों को देंगे। शिवराज सिंह ने कहा कि मैंने वैज्ञानिकों से कहा है कि रिसर्च अब दिल्ली से नहीं होगी, अब जो किसान बताएगा, उस पर ही रिसर्च होगी। शिवराज सिंह ने आह्वान किया कि सीहोर जिला आज तय करे, विकसित भारत बनाने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
