छतरपुर। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस जबकि शहर के बाहरी क्षेत्रों में करीब एक किलोमीटर तक घना कोहरा छाया है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार और सोमवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री था, जबकि मंगलवार व बुधवार को यह बढ़कर 14 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा की रफ्तार 3 किमी/घंटा और नमी 56% दर्ज की गई। विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहेगा, जबकि हल्की धुंध और सुबह-शाम की ठिठुरन जारी रहेगी।
रबी फसलों के लिए मौसम लाभकारी
जिले में गेहूं, ज्वार, लाहा, चना और मटर जैसी रबी फसलों की बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है। बढ़ती ठंड और सुबह फसलों पर जम रही ओस की बूंदें इन फसलों की पैदावार के लिए फायदेमंद मानी जा रही हैं।
लोग गर्म कपड़ों में नजर आए
तापमान गिरने के साथ ही लोग जैकेट, मफलर, टोपी और दस्ताने पहने दिखाई दे रहे हैं। नौगांव और खजुराहो में शहर की तुलना में ठंड ज्यादा महसूस की गई। नौगांव हर साल कड़ाके की ठंड के लिए जाना जाता है—पिछले वर्ष यहां तापमान 1 डिग्री तक पहुंच गया था।
