
भोपाल। एमपी नगर इलाके में रहने वाली एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है. पीड़िता का आरोप है कि उसकी अश्लील फोटो आरोपी युवक ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक भी किया है. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक 28 वर्षीय पीड़िता की आनलाइन माध्यम से इंदौर के रहने वाले आरोपी युवक चंद्र प्रकाश गौतम से 4 साल पहले हुई थी. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदली और चंद्र प्रकाश ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया. इस दौरान आरोपी युवती से मिलने के लिए भोपाल आने लगा. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी चार साल से उसके साथ शारीरिक शोषण कर रहा है. पीड़िता ने हाल ही में जब चंद्र प्रकाश से शादी की बात कही तो आरोपी अपनी बात से मुकरने लगा. पीड़िता के दबाव बनाने से आरोपी ने इस बीच पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियों भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पीड़िता को जब इस बात की जानकारी मिली तो उसने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. आरोपी की तलाश में एमपीनगर थाना पुलिस जुटी है.
