देशभर में सक्रिय विदेशी ड्रग नेटवर्क का इंदौर कनेक्शन उजागर

इंदौर: नारकोटिक्स विंग ने शहर में विदेशी ड्रग नेटवर्क की जड़ें फिर उखाड़ते हुए गुरुवार को एक अफ्रीकी महिला को कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह मुंबई से इंदौर पहुंची थी और यहां किसी खरीदार को कोकीन देने वाली थी. कार्रवाई के बाद एजेंसी को यह अंदेशा और पुख्ता हो गया है कि दिल्ली और मुंबई में मौजूद अफ्रीकी गैंग द्वारा देशभर में ड्रग्स की सप्लाई चेन संचालित की जा रही है और इंदौर भी उनका सक्रिय ठिकाना बन चुका है.

पिछले एक वर्ष में किसी विदेशी की यह तीसरी बड़ी गिरफ्तारी है, जिससे विदेशी नेटवर्क को बेनकाब किया गया है. शहर की क्राइम ब्रांच ने पहले नाइजीरियन एंथोनिउफ मामा को पकड़ा था, जिसके कब्जे से एमडी ड्रग जब्त हुई थी. वह दिल्ली में रहकर इंदौर के पैडलरों को खेप भेजता था. इसके बाद जैकब नानबुईके को मंदसौर से गिरफ्तार किया गया था, जो इंदौर के सप्लायरों तक एमडी पहुंचाने आया था. जांच में पता चला था कि उसकी पत्नी भी तस्करी में शामिल है. टीम जब दिल्ली उसके घर पहुंची, तब तक वह देश छोड़कर भाग चुकी थी.

बीजा अवधि बीतने के बाद भी यहीं रुक जाते हैं कई विदेशी
अब कल गुरुवार को नारकोटिक्स विंग ने रेसिडेंसी क्षेत्र से लिंडा अनाबा नामक अफ्रीकी महिला को पकड़ा है. उसके पास से उच्च गुणवत्ता की कोकीन मिली है. मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है. शुरुआती पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि वह इंदौर में एक तय संपर्क को सप्लाई देने आई थी. अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली और मुंबई में बड़ी संख्या में अफ्रीकी नागरिक बिजनेस या स्टूडेंट वीजा पर आते हैं, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी कई लोग अवैध रूप से देश में ही रुक जाते हैं. इसी समूह का एक हिस्सा ड्रग तस्करी और साइबर अपराध में सक्रिय हो जाता है.

ड्रग तस्करी मामले में किसी विदेशी महिला की पहली गिरफ्तारी
इंदौर पुलिस साइबर फ्रॉड में पहले दो विदेशी आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन ड्रग्स और ऑनलाइन अपराधों में किसी महिला सदस्य की यह पहली गिरफ्तारी है. एजेंसियों के अनुसार ये विदेशी नेटवर्क देश में ड्रग्स की मुख्य सप्लाई लाइन बन चुके हैं और स्थानीय पैडलर इनके संपर्क बिंदु के रूप में काम करते हैं. ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि इंदौर इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी बना हुआ है, जो पुलिस एवं खुफिया तंत्र के लिए चिंता का विषय है

Next Post

क्रिप्टो में निवेश के नाम पर फेसबुक दोस्त ने युवक से 16 लाख ठगे

Fri Nov 21 , 2025
इंदौर: ऑनलाइन ठग ट्रेडिंग और क्रिप्टो निवेश का लालच दिखाकर शहर के लोगों से करोड़ों हड़प रहे हैं. साइबर क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस साल प्राप्त करीब पांच हजार शिकायतों में से एक हजार से ज्यादा मामले क्रिप्टो और शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देने के हैं. […]

You May Like