नयी दिल्ली, 18 नवंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) बेड़े में लगातार ई-बसों को शामिल कर रही है ताकि यहां का सार्वजनिक परिवहन पर्यावरण अनुकूल बने।
श्रीमती गुप्ता ने आज यहां नये आजादपुर टर्मिनल का उद्घाटन किया और 40 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आज़ादपुर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त अपग्रेडेड बस टर्मिनल दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित किया। यह नया टर्मिनल राजधानी के सार्वजनिक परिवहन को अधिक तेज़, सुरक्षित और पैसेंजर फ्रेंडली बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि यहां से 21 प्रमुख रूटों पर 116 बसें संचालित होंगी। बस पास सेक्शन, बेबी फीडिंग रूम, आधुनिक प्रतीक्षालय और सुरक्षित, कवर्ड वॉक-वे जैसी सुविधाएं यात्रियों के आराम और सुरक्षा को प्राथमिकता देती हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए इस टर्मिनल को आज़ादपुर मेट्रो स्टेशन से फुट ओवर ब्रिज के माध्यम से सीधा कनेक्ट किया गया है जिससे इंटर-मोडल कनेक्टिविटी और भी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार डीटीसी बेड़े में लगातार ई-बसों को शामिल कर रही है ताकि दिल्ली का सार्वजनिक परिवहन अधिक स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल बने और वायु प्रदूषण नियंत्रण के हमारे प्रयास और सशक्त हों। उन्होंने कहा कि आठ महीने में उनकी सरकार ने दिल्ली को विकास की नयी परियोजनाओं की सौगात दी है।

