गौर सप्ताह के तहत कल से कार्यक्रम, भारत रत्न दिलाने का प्रयास

सागर। मध्य प्रदेश के प्रथम विश्वविद्यालय सागर विश्वविद्यालय के संस्थापक शिक्षाविद् एवं प्रख्यात विधिवेत्ता, संविधान सभा के सदस्य एवं दानवीर डॉ. सर हरीसिंह गौर के 156वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य मे 19 नवंबर से 26 नवंबर तक ‘गौर उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है ।विश्वविद्यालय के अतिथि गृह के सम्मेलन कक्ष में आयोजित पत्रकार-वार्ता मे कुलपति प्रो. वाय एस ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है । उन्होंने कहा कि डॉ. गौर को सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न दिलाने के लिए विश्वविद्यालय का प्रयास जारी है । उन्होंने कहा कि डॉ. गौर को भारत रत्न मिले, इसके लिए विश्वविद्यालय लगातार प्रयास कर रहा है । डॉ गौर को भारत रत्न दिलाने संबंधी प्रयासों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि हम लोग इसके लिए पूर्ण प्रयासरत हैं । सांस्थानिक, राजनीतिक और सामाजिक प्रयासों से हम डॉ. गौर को देश का सर्वोच्च सम्मान दिलाने में हम जरूर सफल हो सकते हैं ।

आयोजन के मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने सात दिवसीय आयोजन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और 19 से 26 नवम्बर तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी । उन्होंने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी परम्परानुसार शोभायात्रा निकाली जायेगी और गौर जयंती मुख्य समारोह विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में आयोजित होगा । इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली के न्यायमूर्ति सतीश चन्द्र शर्मा होंगे । गौर अतिथि के रूप में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. गोपाल भार्गव, विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया एवं राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति प्रो. जी.एस. वाजपेयी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कन्हैयालाल बेरवाल करेंगे तथा सारस्वत उद्बोधन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वाय. एस. ठाकुर का होगा । प्रो. वर्मा ने बताया कि गौर जयन्ती के दिन विश्व के सर्वश्रेष्ठ दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल विश्वविद्यालय के शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा । इस वर्ष से गौर पीठ के तहत प्राप्त दान राशि से सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी में स्नातक प्रथम वर्ष के एक-एक मेधावी विद्यार्थियों को अध्ययन जारी रखने हेतु आर्थिक सहायता के रूप में पचीस हजार रूपये एक मुश्त राशि प्रदान की जायेगी । गौर जयन्ती के उपलक्ष्य में 21 नवम्बर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा जिसमें विश्वविद्यालय परिवार के साथ-साथ शहरवासी भी भाग ले सकते हैं ।

समन्वयक प्रो. उमेश कुमार पाटिल ने आभार व्यक्त किया और संचालन मीडिया अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल ने किया।

Next Post

डीईओ की टीम ने किया बिनैका हायर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण

Tue Nov 18 , 2025
बंडा। आज जिला शिक्षा अधिकारी सागर की टीम के द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिनैका का औचक निरीक्षण किया गया । निरीक्षण टीम में सागर से आए जिला व्यवसायिक समन्वयक मनीष शर्मा एवं गर्ल्स स्कूल बंडा के प्राचार्य संतोष चौरसिया ने बिनैका स्कूल पहुंचकर व्यावसायिक ट्रेड आई.टी. एवं इलेक्ट्रॉनिक एंड […]

You May Like