इंदौर: शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक ही दिन में तीन बड़े अभियानों के तहत ऑटो–ई रिक्शा, दोपहिया और बस चालकों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 1286 वाहन चालकों को नियम उल्लंघन का जिम्मेदार ठहराते हुए उनके कार्रवाई की है.पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार शहर भर में तीन चरणों में बड़ी कार्रवाई की.
पहले अभियान में प्रतिबंधित मार्ग पर चलने, वन-वे तोड़ने, ओवरलोडिंग और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्ती करते हुए 26 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर चालानी कार्रवाई की. दूसरे विशेष अभियान में बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों पर जोर देते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में 1218 चालान बनाए. पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोटों से होने वाली मौतों को रोकना और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है.
तीसरे अभियान में बसों पर विशेष चेकिंग की गई. जांच के दौरान कई बसों को प्रतिबंधित स्थानों पर खड़ा कर सवारियां चढ़ाने–उतारने, क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, चालक का निर्धारित वर्दी में न होना तथा अन्य अनियमितताओं के साथ पाया. इन नियम उल्लंघनों पर कुल 42 बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई. ट्रैफिक पुलिस ने परिवहन संचालकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें, निर्धारित स्थानों पर ही सवारियां लें–छोड़ें, ओवरलोडिंग न करें और यात्रा के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें. यातायात डीसीपी का कहना है कि सुरक्षित यातायात ही शहर की प्राथमिकता है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
