
छतरपुर। प्रताप सागर तालाब में NDRF और SDRF की टीमों ने संयुक्त रूप से बड़ा रेस्क्यू रिहर्सल किया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य नाव पलटने, असंतुलित होने और अचानक डूबने जैसी आपात स्थितियों में त्वरित बचाव कार्रवाई को परखना था। मेगा ड्रिल में टीमों ने उन स्थितियों का सिमुलेशन किया, जिनमें अक्सर लोग सेल्फी लेते समय संतुलन खो देते हैं और नाव पलट जाती है। इस दौरान डूबते व्यक्ति तक तुरंत पहुंचना, लाइफ जैकेट व रस्सी के माध्यम से सुरक्षित निकालना और पानी से बाहर आते ही CPR देकर प्राथमिक उपचार करना शामिल रहा।
अभ्यास में विशेषज्ञ बचावकर्मियों ने तालाब में लाइव डेमो प्रस्तुत किए, ताकि वास्तविक आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया समय तेज हो सके। दोनों बलों ने बेहतर समन्वय, तेजी से निर्णय लेने की क्षमता और आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों का प्रदर्शन किया।
NDRF–SDRF अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभ्यास समय-समय पर किए जाने से टीमों की दक्षता बढ़ती है और आपदा की स्थिति में त्वरित व प्रभावी रेस्क्यू संभव हो पाता है।
