शिवपुरी:जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में बैराड़-पोहरी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में जाखनोद गांव के 25 वर्षीय युवक विक्रम यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मृतक विक्रम यादव पुत्र रामकरण यादव बैराड़ स्थित एक वेयरहाउस में काम करता था।
वह अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से जाखनोद स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान, बेहटा बेहटी गांव के पास सामने से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि विक्रम के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद विक्रम को तत्काल पोहरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
