इंदौर: सर्विस रोड पर संदिग्ध हालात में मिले बुज़ुर्ग की मौत का मामला हत्या में बदल गया. खजराना पुलिस ने घटनाक्रम सुलझाते हुए वारदात के 48 घंटे के भीतर ही अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी भागने के दौरान घायल भी हुआ है, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि घटना 12 नवंबर की रात की है, एमवाय अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि 65 वर्षीय परमेश्वर निवासी तपेश्वरी बाग खजराना, घायल अवस्था में लाए गए.
थे और उनकी मृत्यु हो गई. प्रारंभिक तौर पर मामला मर्ग में लिया गया, लेकिन 14 नवंबर को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर भारी वस्तु से चोट लगने की पुष्टि होने के बाद मामला हत्या में बदल गया था, इसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इन्हीं के आधार पर यह सामने आया कि मृतक की एक व्यक्ति से टकराहट हुई थी.
बहसबाजी बढ़ने पर मृतक ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में पास रखा पत्थर उठाकर बुज़ुर्ग के सिर पर दे मारा. आरोपी की पहचान 29 वर्षीय नीरज उर्फ चीनू निवासी रुस्तम का बगीचा, थाना तुकोगंज के रूप में हुई. उसके स्कीम नंबर 134 बायपास की ओर भागे होने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम वहां पहुंची तो आरोपी भागने लगा, इसी दौरान उसके हाथ और पैर में चोट आ गई. बाद में उसे पकड़कर अभिरक्षा में ले लिया, आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में पूर्व से भी प्रकरण दर्ज हैं
