बिरसा मुंडा भारत के लिए संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान के प्रतीक: राधा सिंह

सीधी। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उच्च विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समापन वर्ष को संपूर्ण प्रदेश में विशेष उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य यह है कि बिरसा मुंडा की राष्ट्रभक्ति, संघर्ष, त्याग और जन-सेवा की प्रेरक गाथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे।

राज्य मंत्री ने बताया कि 1 से 15 नवम्बर तक पूरे मध्यप्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई। इन कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जन-जागरूकता रथ, छात्र-छात्राओं की रैलियां, संगोष्ठियां एवं जनसंवाद सम्मिलित रहे। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह तक चलाए गए इस व्यापक अभियान ने समाज में जनजातीय समुदाय के इतिहास और योगदान को लेकर नए सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया है। राज्य मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपनी अल्प आयु में ही अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध ऐसा आंदोलन खड़ा किया जिसकी गूंज सम्पूर्ण देश में सुनाई दी। वे केवल जनजातीय समाज ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण भारत के लिए संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान के प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं। जनजातीय क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सडक़ निर्माण, आवास, विद्यालयों का उन्नयन, अस्पतालों का विस्तार और रोजगारोन्मुखी योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना तथा धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के प्रयास किए जा रहे हैं।

००

जिलेवासियों से सहभागिता की अपील

पत्रकार वार्ता के दौरान राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने जिलेवासियों से अपील की कि वे जनजातीय गौरव दिवस को केवल उत्सव के रूप में ही नहीं बल्कि समाज की सांस्कृतिक विविधता और गौरवपूर्ण इतिहास के सम्मान के रूप में मनाएं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव हमें एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की दिशा में प्रेरित करता है।

पत्रकारवार्ता में इनकी रही उपस्थिति

पत्रकार वार्ता में देव कुमार सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य पूजा सिंह कुशराम एवं प्रदीप शुक्ला, पार्षद पूनम सोनी, इंद्रशरण सिंह चौहान, डॉ.देवेन्द्र त्रिपाठी, पंकज पाण्डेय सहित गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर जनजातीय गौरव दिवस से संबंधित गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग प्रदान किया।

Next Post

ऑटो में मिली युवक की लाश, चेहरे पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

Fri Nov 14 , 2025
रीवा। रीवा शहर के भीतर एक खड़ी हुई ऑटो में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है. मृतक के चेहरे पर चोट के निशान और नाक से खून निकलता देख लोगों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में […]

You May Like