
रीवा। रीवा शहर के भीतर एक खड़ी हुई ऑटो में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है. मृतक के चेहरे पर चोट के निशान और नाक से खून निकलता देख लोगों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है. हालांकि युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई है, यह साफ नहीं हो सका है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और मृतक के संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी एकत्रित कर शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा है. दरअसल युवक की लाश मिलने का यह मामला शहर के ही बिछिया थाना क्षेत्र स्थित बुढ़वा पेट्रोल पंप के समीप का है, जहां खड़ी हुई ऑटो में युवक की लाश देखी गई है. स्थानीय लोगों की माने तो मृतक सीधी जिले का रहने वाला है जिसका नाम राजू बताया जा रहा है. मौजूद लोगों ने बताया कि युवक पास में ही एक किराना दुकान में काम करता था और अकेले रहकर अपना गुजर बसर करता था. वहीं ऑटो मालिक राजेश साहू ने बताया कि उनके द्वारा दो दिन पूर्व ही ऑटो खड़ी की गई थी, जिसे आज बनवाने के लिए वह जब ऑटो लेने पहुंचे तो युवक की लाश पड़ी मिली. स्थानीय लोगों ने मृतक के चेहरे पर चोट के निशान और नाक से खून निकलने की बात कही है और उनके द्वारा हत्या की आशंका भी जताई जा रही है. लोगों का कहना है कि युवक को एक दिन पूर्व ही दुकान में काम करने की पगार मिली थी, आशंका है कि पैसों के चक्कर में युवक की जान ली गई है. हालांकि युवक के मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, पुलिस ने शव को पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सजी वजह साफ हो सकेगी. फिलहाल पुलिस ने स्थानीय लोगों से मृतक के संबंध में जानकारी जुटाई है, और मामले की जांच शुरू कर दी है.
