
जबलपुर। भेड़ाघाट थाना अंतर्गत लम्हेटा रोड पर मैगी प्वाइंट के पास एक युवक पर तीन बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले युवक की बाइक को टक्कर मारकर गिराया और फिर जान से मारने की नियत से उसके सीने में गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में युवक को तत्काल नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, चेरीताल कोतवाली निवासी रितिक बारी 20 वर्ष अपने दोस्त साहिल ठाकुर और आलोक केवट के साथ साथी की मोटरसाइकिल लेकर निकला था। विजयनगर में घूमते समय उन्हें उनके तीन अन्य परिचित कुणाल राजपूत, अमन चक्रवर्ती और तनू रैकवार भी मिल गए। इसके बाद ये सभी छह दोस्त एक साथ मिलकर त्योहार का लुत्फ उठाने लगे। सभी दोस्त लम्हेटा से होते हुए वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल लम्हेटा रोड पर मैगी प्वाइंट के पास पहुंची, तभी पीछे से एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन बदमाश प्रशांत उर्फ निक्की, राहुल काला और राम रैकवार आए। तीनों आरोपियों ने आते ही विवाद शुरू कर दिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आरोपियों ने अपनी बाइक से रितिक की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रितिक और उसके दोस्त सड़क पर गिर पड़े। तभी आरोपी राहुल काला ने कमर से बंदूक निकाली और रितिक पर सीधा फायर झोंक दिया। गोली रितिक के सीने में दाईं ओर जा धंसी और वह तड़पते हुए वहीं गिर गया। वारदात के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई, जिसका फायदा उठाकर तीनों आरोपी भाग निकले।
