विजय शर्मा
भोपाल: राजधानी में वार्ड 80 की स्थिति दयनीय बनी हुई है. निगम परिषद को लगभग चार साल पूरे हो रहे हैं. उसके बाद भी सीवेज, सफाई, नालियां, सडक़ की समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है. आज भी कहीं कुछ समस्या है तो कहीं कुछ. स्लम एरिया में झाडू लगाने वाले तो पहुंचते ही नहीं हैं. वहीं नालियों की दो से तीन महीने तक सफाई नहीं होती है,अगर हो भी जाए तो कचरा वहीं पड़ा रहता है जो बाद में फिर से नालियों में भर जाता है. वहीं कुछ जगह पर सडक़ें भी उखड़ी हुई पाई गई. जबकि पार्षद का दावा है कि हमने वार्ड की सभी कालोनियों में सडक़ों का निर्माण करवाया है.
उन्होंने सडक़, पार्क सहित करोड़ों रुपए का कार्य तो करवाए हैं लेकिन जो दैनिक समस्या है, झाड़ू लगना, कचरा उठाना, नालियों की समय समय पर सफाई होना इन पर ध्यान नहीं दिया गया. जिससे वहां के रहवासी परेशान रहते हैं. नालियों की सफाई की स्थिति यह है कि थोड़ी सी बारिश में कालोनी का गंदा पानी सडक़ों पर भर जाता है. कई जगह नालियां टूटी हुई हैं जो पानी के निकास में बाधा करती हैं.
वहीं सांई नगर के मुख्य तिराहा मार्ग पर एक सीवेज का चेंबर लगभग दो साल से खुला पड़ा है, जिसे बंद नहीं किया गया है. जिसमें कई बार दो पहिया और चार पहिया वाहन भी फंस चुके हैं. यहीं पर पानी की सप्लाई का वाल चैंबर से विगत एक वर्ष से पानी बहता है. जिसको आज तक सुधारा नहीं जा सका है जिससे सडक़ उखड़ रही है. इसी तरह से वार्ड में समस्या दिखाई देती हैं. वहां की जनता से पार्षद के भ्रमण की जानकारी ली गई तो बताया कि पार्षद चुनाव के बाद आज तक नहीं आई हैं.
स्लम एरिया सहित लगभग 25 वीआईपी कालोनी
वार्ड 80 में अमरनाथ, साईनाथ कॉलोनी, आशीर्वाद कॉलोनी, पार्वती नगर, महाबली नगर, सर्वधर्म डी सेक्टर, गोल्डन वैली एवं गोल्डन हाइट, दामखेड़ा, संजय नगर, न्यू अंबेडकर नगर सहित स्लम से लेकर लगभग 25 वीआईपी कालोनी हैंं. जहां पर कोई ना कोई समस्या बनी हुई है. हालांकि वीआईपी कालोनी में साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. वहीं की सडक़ें नालियां सब व्यवस्थित बनी हुई हैं.
बारिश से नालियों और सीवेज का पानी सडक़ पर
अभी बारिश शुरू नहीं हुई. वीआईपी कालोनियों में नालियां की सफाई नहीं होने से भरी हुई दिखाई दे रही हैं. बस प्री मानसून के दौरान नाली का पानी सडक़ों पर बहता हुआ दिखाई दिया. एैसी स्थिति में आम आदमी को पैदल निकलने में दिक्कत होती है. बारिश शुरू होने वाली है समय रहते अगर नालियों की सफाई नहीं हुई तो अधिकतर क्षेत्र में नालियों का पानी सडक़ों और गलियों में दिखाई देगा. और स्लम एरिया में तो झुग्गियों में भरने की नौबत आ सकती है. स्लम एरिया के रहवासी तो गंदगी और बदबू से परेशान है. वहीं नालियों की सफाई नहीं होने से मच्छरों की भरमार है.
करोड़ों रुपए की लागत से करवाए सीसी निर्माण, पार्क सहित अन्य कार्य
मेरे द्वारा अपने वार्ड में वृहद् स्तर पर कार्य करवाया गया है, कुछ कालोनी सीसी सडक़ निर्माण में वही बची हैं जहां अमृत 2 सीवेज का कार्य होना हैं. सीवेज का कार्य होने उपरांत वहां पर भी सीसी निर्माण का कार्य किया जाएगा. जो विकास कार्य हुए हैं उनमें कोलार सिक्स लेन से दामखेड़ा सीसी रोड, खाटू श्याम पहुंच मार्ग, अमरनाथ चौराहा से अंबेडकर नगर पहुंच माग, साईनाथ कॉलोनी, आशीर्वाद कॉलोनी एवं पार्वती नगर में विभिन्न सडक़ों का सीसी निर्माण कार्य करवाए गए हैं. वहीं स्वास्थ्य को लेकर दामखेड़ा, संजय नगर झुग्गी बस्ती में सीसी सडक़ निर्माण एवं संजीवनी क्लीनिक स्थापित करवाए गए. शासकीय स्कूल में बाथरूम, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम,शॉप कम ई लाइब्रेरी का निर्माण कार्य किया गया. सांईनाथ नगर, अमरनाथ, महाबली नगर में पार्क एवं सैड, पार्वती नगर मंदिर परिसर, सर्वधर्म डी सेक्टर, गोल्डन वैली एवं गोल्डन हाइट, अंबेडकर नगर में पार्क का निर्माण करवाया गया. सर्वधर्म डी सेक्टर में सीनियर सिटीजन के लिए वाचनालय बनवाया गया है. कुछ स्थानों पर 9 मीटर का हाई मास्क लगाया गया,वार्ड क्रमांक 80 में अमृत योजना के अंतर्गत छूटे हुए स्थान पर सीवेज का नेटवर्क बिछाया गया.
सुनीता गुड्डू भदौरिया, पार्षद बीजेपी, वार्ड 80
स्थाई पार्षद नहीं होने से वार्ड को छोड़ा बैसहारा
वर्तमान में जो पार्षद हैं वह इस वार्ड के निवासी ही नहीं है. वह तो पार्टी के नेताओं की महरबानीे से चुनाव लड़वाया गया. पार्षद वार्ड 82 के स्थाई निवासी हैं. स्थाई पार्षद नहीं होने से वार्ड को बैसहारा छोड़ दिया है. पाषर्द का ध्यान सिर्फ लाभ के कार्यों पर रहता है. जिसमें आवासीय कालोनियों में व्यवसायिक कॉम्पलेक्स जो कि सर्वधर्म बी सेक्टर नाले की जगह पर दुकानें बन रही हैं. इनके द्वारा साफ सफाई की निगरानी नहीं की जा रही है. वहीं कचरा उठाने का कोई समय निर्धारित नहीं किया गया है. वार्ड के रहवासी राशन, समग्र आईडी जैसी अन्य समस्याओं को लेकर पार्षद को ढूंढता रहता है.
सुखलाल ठाकुर, कांग्रेस पूर्व पार्षद प्रत्याशी, वार्ड 80
समस्याओं को लेकर रहवासियों को कहना है.
यहां पर झाडू़ नहीं लगाई जाती है, तीन से चार दिन मे कचरा लेने वाहन आता है. वहीं नालियों की सफाई नहीं होती है. बिजली का बिल अधिक आ रहा है. पार्षद मिलने ही नहीं आते हैं. चुनाव का समय आता है तब ही पार्षद दिखाई देते हैं. अनुराग, रहवासी, गड्डा मोहल्ला
नाली की सफाई चार महिने से नहीं हुई है जो हुई है वह शिकायत के बाद. नाली का कचरा किनारे पर पड़ा है. जो नाली में ही भर जाएगा. तीन महिने से कचरा वाहन ही नहीं आ रहा है. गली में पानी भरा रहता है. पेड़ों की छटाई नहीं हुई है जिससे उसकी टहनियों के टूटने काडर बना हुआ है. पार्षद तो आते ही नहीं है.
प्रकाश यादव, रहवासी, गणेश चौक
सडक़ पर नल शुरू होते ही सप्लाई का वाल से पानी लीकेज होता जो सडक़ पर पानी बहता रहता है. वहीं सीवेज का चेंबर दो सालों से खुला हुआ है. जिसे ढंका नहीं गया है. विधायक ने निरीक्षण के दौरान बंद करने का बोला था लेकिन अभी तक बंद नहीं किया गया. बारिश के दौरान होने की संभावना बनी रहेगी.
राम स्वरूप जाटव, दुकानदार, सांईनाथ नगर,
यहां पर ना तो कभी कोई झाड़ू लगाने आया और ना ही कभी नाली की सफाई होती है. यहां घर के सामने स्वयं को ही सफाई करना होती है. नाली फटी पड़ी हैं जिससे सडक़ पर पानी भर जाता है. पार्षद को चुनाव जीतने केबाद से देखा ही नहीं है.
सुमन विश्वकर्मा, रहवासी, न्यू अंबेडकर नगर
