कटनी में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव के लिए सांसद विवेक तनखा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

कटनी: व्यापार और खनन गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान रखने वाला कटनी जिला रेलवे नेटवर्क के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। लंबे समय से विभिन्न ट्रेनों के कटनी स्टेशन पर ठहराव की मांग उठती रही है। अब इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए राज्यसभा सांसद विवेक तनखा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कई ट्रेनों के कटनी स्टेशन पर ठहराव की मांग की है।

दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ के आग्रह पर सांसद विवेक तनखा ने पत्र के माध्यम से कटनी से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता बताई। इनमें राजेंद्र नगर–कुर्ला एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस–गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस–छपरा एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस–आजमगढ़ एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस दुरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा अमृत भारत अयोध्या एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।

पत्र में पुणे मार्ग की समस्या का भी उल्लेख किया गया है। वर्तमान में कटनी से पुणे के लिए सीमित रेल सुविधा उपलब्ध है, जिसके कारण यात्रियों को आरक्षण में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए इस मार्ग पर नई ट्रेन शुरू करने की मांग की गई है। साथ ही विकल्प के तौर पर शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस को पुणे तक विस्तारित करने का सुझाव भी दिया गया है।
सांसद विवेक तनखा ने अपने पत्र में कहा कि कटनी मुड़वारा और साउथ स्टेशन के संचालन शुरू होने से मुख्य स्टेशन पर यातायात का दबाव पहले की तुलना में कम हुआ है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव से रेलवे के राजस्व में वृद्धि होगी और कटनी सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

स्थानीय समाजसेवी कमल मोहनी द्वारा पूर्व में उठाए गए इस मुद्दे पर केंद्र सरकार ने भी संकेत दिए थे कि संबंधित ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव रेल मंत्रालय को भेजा जा चुका है। सांसद विवेक तनखा ने आश्वासन दिया है कि वे इस मांग को राज्यसभा में भी प्रभावी ढंग से उठाएंगे, ताकि यात्रियों को जल्द राहत मिल सके

Next Post

जिला जेल बैढ़न में कैदियों के लिए योग शिविर आयोजित

Tue Jun 16 , 2026
सिंगरौली : म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आज सोमवार में जिला जेल बैढ़न में कैदियों के लिए एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ म.प्र. उच्च न्यायालय के कार्यपालक मुख्य न्यायाधिपति विवेक रुसिया […]

You May Like