
पन्ना। जिले के गुनौर थाना के समीपी गांव पड़ेरी में बीती रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। खेत में बने कच्चे घर में अचानक आग लगने से 75 वर्षीय वृद्ध महिला श्याम बाई की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उनके पति गोरेलाल प्रजापति आग की लपटों से घिरे घर से बाहर निकलकर किसी तरह जान बचाने में सफल रहे। हालांकि वे भी आग से झुलस गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुनौर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय वृद्ध दंपती घर के अंदर सो रहे थे। थाना प्रभारी गुनौर माधवी अग्निहोत्री ने बताया कि ठंड से बचाव के लिए कमरे के भीतर आग जलाई गई थी। देर रात दोनों की आंख लग गई और संभवतः उसी दौरान आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों में घिरी वृद्ध महिला बाहर नहीं निकल सकीं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
