शाजापुर:नगर की यातायात व्यवस्था में अब तक सुधार नहीं हुआ है. न भारी वाहनों के प्रवेश पर लगाम लगी और न ही हादसों पर अंकुश. जबकि दिन के समय नगर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, लेकिन इसी समय में नगर में भारी वाहन दिनदहाड़े नगर की सीमा में घुसकर यातायात व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं. जिससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है.
इन दिनों यातायात पुलिस द्वारा लोगों के हेलमेट, सीट बेल्ट और नियमों से वाहन चलाने वालों को सम्मानित कर रहे हैं. साथ ही जिन लोगों के द्वारा नियमों का पालन नही किया जाता उनके चालान काटे जा रहे हैं. यह सब भी यातयात पुलिस द्वारा दिन के उजाले में ही किया जा रहा है. अधिकारियों को वाहन चालक तो दिखाई दे रहे हैं लेकिन दिन में नगर में प्रवेश कर रहे भारी वाहन नजर नहीं आ रहे हैं. जबकि इनके कारण हो रही समस्या से आमजन परेशान हो रहे हैं, लेकिन उनकी परेशानी अधिकारियों को नजर नहीं आ रही. इन वाहनों के प्रवेश से नगर में कई बार जाम की स्थिति बनती है जो नगर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर हाट मैदान पहुंच रहे हैं. जिन पर अधिकारियों की भी नजर पड़ रही है. लेकिन इनके खिलाफ कार्रवाई या इनके चालान नहीं काटे जा रहे और इनके प्रवेश पर भी कोई रोक नहीं लगाई जा रही.
अब भी नहीं हुई रोकथाम
गत दिवस भी हादसे वाली जगह पर एक ट्रक सामान लादे खड़ा दिखाई दिया. जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि नगर की यातायात व्यवस्था के क्या हाल हैं. 24 सितंबर की घटना के बाद भी जिम्मेदारों ने इससे सबक नहीं लिया और भारी वाहन आज भी नुकसान उठा चुके लोगों को मुंह चिढ़ाते हुए खुलेआम नगर में प्रवेश कर रहे हैं जिससे फिर गंभीर हादसा होने की आशंका से इंकार नही किया जा सकता.
इनका कहना है
दोपहर 2.30 से 4.30 तक नगर में भारी वाहनों का प्रवेश निषेध है. यह सही है कि भारी वाहनों का प्रवेश दिन में भी हो रहा है. इसके लिए योजना बनाई जा रही है. त्यौहारों को देखते हुए जहां से वाहन प्रवेश कर रहे हैं.वहां पाईंट लगाया गया है. जल्द ही नगर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद किया जाएगा और पाईंट बढ़ाए जाएंगे.
-सौरभ शुक्ला, यातायात प्रभारी-शाजापुर
