इंदौर: शहर में ऑनलाइन ठगी के अलग अलग मामलों में पुलिस ने चार केस दर्ज किए हैं. निवेश, माल सप्लाई और फर्जी ऐप के जरिए ठगों ने लोगों से लाखों रुपए हड़प लिए.संयोगितागंज थाना क्षेत्र में यश सिलावट निवासी श्रीनंदानंद मार्ग से आशीष चौधरी ने ड्रीम व्यूअर कंपनी में निवेश के नाम पर करीब 36 लाख रुपए ऐंठ लिए. आरोपी ने हर महीने 4 लाख रुपए मुनाफा देने का झांसा दिया था.
रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपी और उसके साथी गायब हो गए. शिकायत पर पुलिस ने आशीष और अन्य खाताधारकों के खिलाफ केस दर्ज किया है. वहीं कनाड़िया थाना क्षेत्र में नमन जैन निवासी शिवशक्ति नगर से गणेश (निवासी खेतवाड़ी, मुंबई) ने रेड बुल एनर्जी ड्रिंक सप्लाई के नाम पर करीब 2.97 लाख रुपए ठग लिए. आरोपी ने ऑनलाइन पेमेंट लेने के बाद फर्जी बिल्टी भेजी और माल किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उठवा लिया. बाद में फोन बंद कर लिया.
इसी तरह लसूड़िया थाना क्षेत्र में कृषि व्यापारी पारस देसाई के खाते से 4.37 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल लिए गए. पीड़ित को किसी तरह का अलर्ट मैसेज नहीं मिला. बैंक स्टेटमेंट में रकम गूगल डिजिटल और प्ले स्टोर गेम्स के माध्यम से डेबिट होना सामने आया. शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में राहुल पाटीदार के साथ 46 हजार रुपए की ठगी हुई. टोल टैक्स पेमेंट के दौरान गलती सुधारने के लिए उसने कस्टमर केयर पर कॉल किया, जहां से उसे एक एपीके फाइल भेजी गई. फाइल डाउनलोड करते ही उसके खाते से रुपए कट गए. पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
