पुलिसकर्मी से झूमाझटकी, ब्रीथ टेस्ट के दौरान हंगामा

चार आरोपी गिरफ्तार

इंदौर: मधुमिलन चौराहे पर सोमवार रात पुलिस चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार कार के सवारों ने न केवल नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि पुलिसकर्मियों से बदसलूकी और झूमाझटकी तक कर डाली. शराब पीने की आशंका में ट्रैफिक पुलिस द्वारा ब्रीथ टेस्ट के लिए रोके जाने पर आरोपियों ने सूबेदार की कॉलर पकड़ ली और गाली-गलौज करने लगे. पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और धमकाने का प्रकरण दर्ज किया है.

छोटी ग्वालटोली थाना प्रभारी संजू कामले ने बताया कि यातायात सूबेदार काजिम हुसैन रिजवी ने वायरलेस सेट के माध्यम से छोटी ग्वालटोली थाने से मदद मांगी थी, इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार सवार चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार को तेज रफ्तार में चला रहे थे. जब उन्हें रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस के निर्देशों का पालन करने के बजाय बहस और दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया. घटना के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी अजय सिंह तोमर की शिकायत पर आरोपियों नरेंद्र सिंह बघेल, उसके भाई अनिल, दिनेश कौशल और जुनेय के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता और मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की है. मामले में वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. घटना की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

राष्ट्रीय हिंदू परिषद का पदाधिकारी बताकर धमकी
आरोपियों में से एक ने खुद को राष्ट्रीय हिंदू परिषद का प्रदेश अध्यक्ष बताते हुए धमकियां दीं. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों का दुर्व्यवहार साफ नजर आ रहा है.

Next Post

रिक्शा में बैठकर खजराना पहुंचा एसआई

Wed Jan 29 , 2025
पत्थर मारकर की थी हत्या, आरोपी के नजदीक पहुंची पुलिस इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र के बायपास स्थित लाभगंगा गार्डन के पास पुलिस को एक अज्ञात लाश मिली थी. मामले में पुलिस ने मृतक की पहचान पीआरटीएस (पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल) के एसआई प्रभात नारायण चतुर्वेदी के रूप में की है. […]

You May Like