इंदौर: शहर के एबी रोड पर पीडब्ल्यूडी के निर्माणाधीन राजेंद्र नगर रेलवे ओवर ब्रिज का काम बहुत तेज गति से चल रहा है. अब ब्रिज की तीनों भुजाओं को मिलना शेष है. ब्रिज के स्लोप भी आकर लेते नजर आने लगे हैं. पीडब्ल्यूडी ने ब्रिज निर्माण का समय फरवरी तय कर दिया है.राजेंद्र नगर रेती मंडी चौराहे पर रेलवे क्रासिंग के कारण बहुत जाम लगता था. इससे निजात पाने के लिए प्रशासन ने रेलवे ओवर ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया. उक्त रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य पहले आईडीए ने प्रस्तावित किया था. उक्त क्रॉसिंग पर यातायात जाम होने की समस्या बहुत ज्यादा हो गई थी.
जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का निर्णय किया. इसके बाद उक्त ब्रिज का निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी को सौंपा गया. पीडब्ल्यूडी ने उक्त ब्रिज अप्रैल 2022 में काम शुरू किया था, जिसका काम चलते करीब 3 साल हो चुके है. वैसे ब्रिज का काम 18 महीने में ही पूरा करने का समय निर्धारित था, लेकिन साइट क्लियर और नर्मदा, ड्रेनेज लाइन शिफ्टिंग का काम समय पर नहीं होने से ब्रिज निर्माण में देरी हो गई. अब ब्रिज निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है और सिर्फ तीनों भुजाओं को मिलाने का शेष रह गया है. यह काम दिसंबर पहले सप्ताह में पूरा होने की संभावना है.
29 करोड़ है लागत
ब्रिज का ठेका मेसर्स रामप्रकाश गुप्ता कंस्ट्रक्शन को दिया है. 920 मीटर लंबा और फोर लेन चौड़ा बनाया जा रहा है. उक्त ब्रिज की निर्माण लागत 29 करोड़ रुपए है. उक्त की दो भुजा एबी रोड पर और एक भुजा राजेंद्र नगर पर उतरेगी.
फरवरी तक पूरा होगा काम
ब्रिज निर्माण के चलते सर्विस रोड का डामरीकरण और पेंच वर्क भी पूरा हो गया है. अब धूल उड़ना बंद हो गई है और यातायात भी सुलभ हो गया है. पीडब्ल्यूडी प्रभारी कार्यपालन यंत्री गुरमीत कौर भाटिया ने कहा कि ब्रिज निर्माण कार्य फरवरी में पूरा कर देंगे. यातायात के लिए खोल दिया जाएगा.
