श्योपुर: किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस ने श्योपुर जिला मुख्यालय के पटेल चौक पर धरना दे दिया। इस धरने में कांग्रेस विधायक ने एक अनोखा इनाम ही घोषित कर दिया।विधायक बाबूलाल जंडेल का कहना है कि आपदा के समय सरकार को किसानों के बीच रहना चाहिए था लेकिन प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला अब तक श्योपुर पहुंचे ही नहीं हैं जबकि किसानों की यह स्थिति देखने के लिए उनका आना जरूरी था।
प्रभारी मंत्री के श्योपुर न पहुंचने पर विधायक ने घोषणा कर दी कि जो भी व्यक्ति प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला को श्योपुर लेकर आएगा वे उसे स्वयं ग्यारह हजार रुपये इनाम देंगे। विधायक द्वारा प्रभारी मंत्री को जिले में लाए जाने पर इनाम घोषित करने की यह घटना पूरे श्योपुर जिले में चर्चाओं में है और जानकारी मिली है कि यह खबर भोपाल तक पहुंच चुकी है।
विधायक बाबूलाल जंडेल का कहना है कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और जब तक मुआवजे की प्रक्रिया पूरी नहीं होती धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि फसलों के नुकसान का सर्वे जल्दी पूरा किया जाए और प्रभावित किसानों को राहत राशि प्रदान की जाए। धरने में बड़ी संख्या में पीड़ित किसान और किसान कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
