
ग्वालियर। डबरा नगर में गुर्जर समाज के आराध्य देव श्री देवनारायण भगवान की 1114वीं जयंती पर आज भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह दोपहर वृंदासहाय कॉलेज के सामने से शुरू हुआ। यह अंबेडकर चौराहा, कटारिया चौराहा, अग्रसेन चौराहा, माधवराव सिंधिया चौराहा और पिछोर तिराहा से होते हुए नेशनल हाईवे-44 स्थित सिमरिया टेकरी पहुंचा। समापन ग्राम बोना स्थित देवनारायण मंदिर पर हुआ। चल समारोह के दौरान वेद माता गायत्री, माँ राधारानी, शीतला माता, बाबू महाराज, हीरामन बाबा, कारस देव महाराज, पटिया वाले महाराज, जोधा सरकार, चरणदास महाराज और घोड़ा वाले महाराज के जयघोष गूंजते रहे।
इस अवसर पर गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास के प्रतीक गुर्जर सम्राट मिहिरभोज के चित्र और “जय वीर गुर्जर” के नारे लगाए गए, जो समाज की सांस्कृतिक विरासत, एकता और गौरव को दर्शाते थे। समारोह में संत हरिगिरि महाराज, देवधनी सरकार सहित कई संतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर रथ पर सवार गुरुजनों का स्वागत किया और पुष्पहार पहनाकर उनका सम्मान किया। पिछोर तिराहा पर विधायक सुरेश राजे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी चल समारोह का स्वागत किया।
