आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, पिता घायल

शाजापुर:जिले के ग्राम कुमड़ी में शनिवार शाम को तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हुई आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय वह खेत में काम कर रहा था। मृतक की पहचान लक्ष्मण पिता प्रभुलाल मालवीय के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, शाम के समय क्षेत्र में अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।

इसी दौरान खेत में काम कर रहे लक्ष्मण पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में लक्ष्मण के पिता प्रभुलाल मालवीय भी झुलस गए, जिन्हें जिला अस्पताल शाजापुर में भर्ती कराया गया है।परिजनों ने बताया कि लक्ष्मण की दो महीने पहले ही शादी हुई थी और वह पेशे से किसान था। हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है और रविवार सुबह पीएम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।घटना स्थल पर एक बकरा भी बिजली की चपेट में आकर मारा गया। मृतक के पड़ोसी अर्जुन मालवीय ने बताया कि बिजली गिरने की आवाज के बाद वे लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में पिता-पुत्र को अस्पताल लाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Post

MPIDC द्वारा पीथमपुर में 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

Sun Jun 15 , 2025
इंदौर: नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इस साल बारिश में पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में 11 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा है. उक्त कार्य के लिए एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक ने पीथमपुर का दौरा किया. साथ ही धार कलेक्टर के उपस्थिति में कल एसईजेड के निर्यात भवन सभागार […]

You May Like