सीआरपीएफ कैंप की जगह अब बस्तर का पहला जन सुविधा केंद्र बनेगा नेतानार, अमित शाह करेंगे उद्घाटन

जगदलपुर,(वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सल गतिविधियों के समाप्त होने के बाद अब सुरक्षा कैंपों को जनहित सुविधाओं में बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैंप को बस्तर का पहला “जन सुविधा केंद्र” बनाया जा रहा है, जिसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 18 मई को अपने दो दिवसीय बस्तर दौरे के दौरान करेंगे।

जानकारी के अनुसार, नेतानार क्षेत्र कभी नक्सलियों का गढ़ माना जाता था और यहां कई बड़ी नक्सली घटनाएं हुई थीं। बाद में सीआरपीएफ कैंप की स्थापना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और धीरे-धीरे नक्सल गतिविधियां समाप्त हो गईं। अब यह क्षेत्र पूरी तरह नक्सल मुक्त घोषित किया जा चुका है।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि 31 मार्च 2026 के बाद बस्तर संभाग के अंदरूनी क्षेत्रों में नक्सल गतिविधियां पूरी तरह समाप्त हो चुकी हैं। ऐसे में जिन क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से कैंप स्थापित किए गए थे, उनमें से कुछ कैंपों को अब स्थानीय ग्रामीणों के लिए जन सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन केंद्रों में डिजिटल सेवा केंद्र, स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर और फॉरेस्ट फूड प्रोसेसिंग यूनिट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि ग्रामीणों को रोजगार और आवश्यक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

आईजी के अनुसार, नेतानार सीआरपीएफ कैंप बस्तर का पहला जन सुविधा केंद्र होगा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसके उद्घाटन के साथ ही केंद्र का नामकरण भी करेंगे।

गौरतलब है कि अप्रैल 2026 की रिपोर्ट के अनुसार बस्तर रेंज के संवेदनशील और दूरस्थ इलाकों में करीब 400 से अधिक सुरक्षा कैंप स्थापित हैं, जहां सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और जिला पुलिस बल के जवान तैनात हैं। बस्तर को पूर्णतः नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद अब इन सुरक्षा कैंपों को स्थानीय जनता की सुविधा और रोजगार से जोड़ने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

Next Post

नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में दो और गिरफ्तार

Fri May 15 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है जिससे गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या बढ़कर सात हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहिल्यानगर के धनंजय लोखंडा और मनीषा […]

You May Like

मनोरंजन