इंदौर:क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन गेमिंग सट्टा संचालित करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो फरार आरोपियों को झांसी से गिरफ्तार किया है. इससे पहले इस गिरोह के दस अन्य सदस्य विभिन्न राज्यों से पकड़े जा चुके हैं. गिरोह “वरुण ऑनलाइन हब” के माध्यम से सैकड़ों ऑनलाइन गेम्स पर सट्टा संचालित कर रहा था.
एडीसीपी राजेश डंडोतियाने बताया कि आरोपियों ने संयोगितागंज क्षेत्र के ऊषागंज स्थित फ्लैट के सेकेंड फ्लोर से लैपटॉप और मोबाइल के जरिए ग्राहकों की वर्चुअल आईडी बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाया. ग्राहकों के अनुसार, पैसे जमा करने के बाद उन्हें लिंक और आईडी उपलब्ध कराई जाती थी, जिससे वे 24×7 गेम्स पर हार-जीत का दाव लगा सकते थे.
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी हिमांशू खंडेलवाल, रविंद्र गौतम, विवेक कुमार, अमित कुमार मंडल, कृष्णा कुमार, कन्हैया पांडे, निखिल खंडेलवाल, लक्की चौहान, राकेश जैन और विकास बंसल के कब्जे से 29 मोबाइल, 2 लैपटॉप, 1 कंप्यूटर, 7 चेकबुक, 4 पासबुक, एटीएम कार्ड और ऑनलाइन सट्टे के करोड़ों रुपए के लेखा-जोखा के साथ 6.5 लाख नकद और एक एर्टिगा कार बरामद हुई थी. अब झांसी से हर्षवर्धन अग्रवाल उर्फ हैप्पी (36 वर्ष) और विकास साहू (41 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ऑनलाइन सट्टा चलाने के लिए आईडी और मॉनिटरिंग का काम करते थे.
