रेलवे के ट्रॉली मैन ने की आत्महत्या की कोशिश

सतना: रेलवे के ट्रॉली मैन द्वारा कथित मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर कीटनाशक खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का गंभीर मामला सामने आया है। रेलवे स्टेशन पर ट्रॉली मैन के पद पर पदस्थ कर्मचारी सुरेश कुमार कुशवाहा ने बुधवार को कीटनाशक खा लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे तत्काल सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

अस्पताल में उपचाररत रेल कर्मी की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि रेलवे के अधिकारी ए.पी. सिंह और मुकेश मिश्रा द्वारा उनके पति को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पत्नी के अनुसार, करीब चार माह पूर्व सुरेश कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते वे लगभग दो माह तक मेडिकल लीव पर रहे। इसके बाद जब वे दोबारा ड्यूटी पर लौटे तो स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक नहीं था, जिस कारण वे पूरी क्षमता से कार्य नहीं कर पा रहे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर संबंधित अधिकारी उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे।

अधिकारियों द्वारा सुरेश कुमार के साथ गाली-गलौज की जाती थी और मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। लगातार हो रही प्रताड़ना से मानसिक रूप से टूट चुके सुरेश कुमार ने बुधवार को कीटनाशक खा लिया। वहीं इस घटना के सामने आने पर स्थानीय रेल अमले के बीच सनाका खिंच गया है। कोई भी इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हो रहा है। इतना ही नहीं बल्कि मामले की जानकारी मंडल कार्यालय तक भी पहुंच चुकी है। लिहाजा देखने वाली बात होगी कि मंडल स्तर से इस मामले में क्या रुख अपनाया जाता है।

परिजन लेकर पहुंचे अस्पताल

कीटनाशक का सेवन करने के बाद जब सुरेश की हालत गंभीर हुई तब परिजनों को घटना की जानकारी मिली। परिजन तत्काल उन्हें सतना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल मामले को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, परिजनों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है

Next Post

नवी मुंबई हवाई अड्डे पर उतरी पहली वाणिज्यिक उड़ान

Thu Dec 25 , 2025
मुंबई, 25 दिसंबर (वार्ता) नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। बेंगलुरु से आई इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 460 सुबह 7.31 बजे पारंपरिक वाटर कैनन सैल्यूट के बीच यहां उतरी। पहली वाणिज्यिक उड़ान और क्रिसमस की खुशी में सभी यात्रियों का […]

You May Like