राहगीरों के लिए सिरदर्द बना मक्सी का हाट बाजार

मक्सी, 8 नवंबर. हर शनिवार को सिरोलिया रोड पर लगने वाला साप्ताहिक हाट अब स्कूली बच्चों, आम नागरिकों एवं ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. इस हाट बाजार के कारण हर सप्ताह लगने वाले जाम को लेकर नवभारत द्वारा लगातार समाचार प्रकाशित किए जा रहे हैं, लेकिन उसके बाद भी जिम्मेदारों की उदासीनता खत्म ही नहीं हो रही.
शनिवार को भी सुबह 8 से 11 बजे के बीच सिरोलिया मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनती रही. जिससे स्कूली बच्चों की बसें घंटों जाम में फंसी रही. तीन से चार घंटे तक बच्चों का बस में बैठा रहना न केवल उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि समय की भी भारी बर्बादी हो रही है. जबकि सडक़ किनारे अव्यवस्थित पार्किंग, खुलेआम हो रही अव्यवस्था से ट्रैफिक पूरी तरह चरमरा गया है. इसी बात को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. मक्सी में शनिवार को सिरोलिया मार्ग पर साप्ताहिक हाट बाजार में ग्रामीणों द्वारा तकरीबन एक घंटे तक रास्ता जाम किया गया. ग्रामीणों द्वारा कहा गया कि दो-तीन बार जाम की समस्या को लेकर खबरें प्रकाशित हो चुकी हैं. पहले मार्ग संकरा था. जैसे तैसे अब मार्ग चौड़ा हो गया, तो भी मार्ग को फिर ट्रैफिक की वजह से संकरा कर दिया गया. स्कूल के बच्चों की जब परीक्षा चलती है, तो एक एक-डेढ़ घंटा बच्चे स्कूल लेट पहुंचते हैं. इस हाट के जाम की वजह से ये कोई पहली बार की समस्या नहीं है. हर बार की समस्या है. इस बात को लेकर हमें हर बार समझा दिया जाता है कि आज तो गाड़ी निकाल लो, अगली बार देखेंगे. पर अगली बार फिर वापस कोई वहांं बैठा है, कोई वहां रसीद काट रहा है, नगर परिषद वाले भी कुछ नहीं करते, वो वहां बैठे-बैठे रसीद काटते रहते हैं. यदि रसीद के द्वारा शुल्क लिया जा रहा है, तो व्यवस्था जमाओ. वाहन की या फिर उचित पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराओ वाहनों की.
मक्सी पुलिस ने किया आश्वस्त
जाम की वजह से जब व्यवस्था बिगडऩे लगी, तो मक्सी पुलिस ने अगले साप्ताहिक हाट बाजार में जाम न लगने के लिए ग्रामीणजनों को आश्वस्त किया. यह ही नहीं होमगार्ड जवान प्रकाश ने तो अपनी बात कहते हुए कहा कि नगर परिषद ठिया ही नहीं बनवा रही. यदि नगर परिषद ठिया बनवा दे, तो व्यवस्था सुचारू हो जाए.
स्कूल संचालकों ने की समाधान की मांग
पहले भी स्कूल संचालकों द्वारा मक्सी नगर परिषद एवं मक्सी थाने पर आवेदन दिए जा चुके हंै कि कुछ ऐसी व्यवस्था बन जाए कि स्कूली बच्चों को दिक्कत और परेशानी न आए. इससे न केवल स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी, बल्कि आम जनता को भी राहत मिलेगी.

नप और प्रशासन को उठाना चाहिए ठोस कदम
यह एक गंभीर विषय है. जिस पर नगर परिषद और प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके और प्रशासन को चाहिए कि साप्ताहिक पशु हाट बाजार के सिरोलिया मुख्य मार्ग के किनारे खड़े वाहनों पर चालानी कार्यवाही की जाए, जो मार्ग को बाधित करते हैं.

ेिकसी भी दिन हो सकता है हादसा…

उल्लेखनीय है कि इस मार्ग से लगभग एक दर्जन गांव जुड़े हुए हैं और इसी मार्ग पर प्राचीन झरनेश्वर महादेव मंदिर है, जिसके चलते यह मार्ग बेहद व्यस्त रहता है. ऐसे में साप्ताहिक हाट के दौरान अव्यवस्थित यातायात कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकता है. स्कूली बच्चों की बसों में घबराहट, गर्भवती महिलाओं को परेशानी, एक्सीडेंट या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता. सिरोलिया मुख्य मार्ग पर बने ओवरब्रिज के किनारे सर्विस रोड का अभाव भी समस्या को और बढ़ावा देता है.

Next Post

मक्सी में अनियंत्रित बस पलटी, आठ यात्री घायल

Sat Nov 8 , 2025
मक्सी, 8 नवंबर. एबी रोड पर मक्सी के समीप कनासिया नाका तराना थानांतर्गत शुक्रवार रात 9 बजे एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि बस चालक बस का स्टीयरिंग लॉक होने की वजह से फंस गया. उसे बहुत मशक्कत के […]

You May Like