छतरपुर। भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय दिल्ली द्वारा आयोजित पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर में भाग लेने के लिए महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर की एनएसएस इकाई के 5 स्वयंसेवक ग्वालियर रवाना हुए। यह शिविर 5 से 14 नवंबर तक आईटीएस विश्वविद्यालय परिसर, ग्वालियर में आयोजित हो रहा है।
चयनित स्वयंसेवकों में नेहा अनुरागी, संजय रजक, मुस्कान वर्मा, माही कर्ण और विवेक अहिरवार शामिल हैं। ये सभी स्वयंसेवक विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. शुभा तिवारी के मार्गदर्शन में तथा कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अरुण कुमार चौरसिया के नेतृत्व में हिस्सा लेंगे।
इस शिविर में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के 200 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर के उपरांत चयनित स्वयंसेवक 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में परेड में भाग लेंगे।
चयन पर कुलगुरु प्रो. शुभा तिवारी, कुलसचिव यशवंत सिंह पटेल, जिला संगठक गिरिजेश जुयाल, कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु अग्रवाल, शिवम् सुल्लेरे तथा वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
