भिंड: जिले के फूप थाना क्षेत्र में सुबह नेशनल हाईवे-719 पर बरही टोल प्लाजा के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मथुरा-वृंदावन दर्शन कर लौट रही एक स्विफ्ट कार सामने चल रहे ट्राले से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। भिंड के राहुल उर्फ भूरे यादव, कांग्रेस नेता आशीर्वाद शर्मा, युवा नेता जण्डेल और एक अन्य साथी पूर्णिमा पर्व पर मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान बरही टोल प्लाजा के समीप कार अनियंत्रित होकर ट्राले से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग फंस गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिंड पहुंचाया। डॉक्टरों ने चारों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ग्वालियर के निजी अस्पताल रेफर किया। बताया गया कि घायलों में से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। टीआई सतेन्द्र राजपूत के अनुसार, हादसे की प्राथमिक वजह कार की तेज रफ्तार और अचानक नियंत्रण खो देना रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
