श्योपुर: श्योपुर में आज सुबह इस सीजन का पहला घना कोहरा छाया। सुबह-सुबह शहर और आसपास के क्षेत्रों में घनी धुंध की सफेद परत फैल गई, जिससे दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक रह गई। बायपास रोड, स्टेशन रोड और मुख्य बाजार क्षेत्र में वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने पड़े।
कोहरे और बादलों के असर से शहर में तापमान में भी गिरावट आई।
मौसम विभाग के अनुसार कल बुधवार को दिन का तापमान 3 डिग्री घटकर 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि हवा के रुख में बदलाव इसकी मुख्य वजह है। पहले उत्तर और उत्तर-पूर्व दिशा से चल रही ठंडी हवाएं अब पूर्व से उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बह रही हैं, जिससे तापमान में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
मौसम विभाग ने बताया कि कोहरा धीरे-धीरे छंटने लगेगा और जैसे ही धूप निकलेगी, मौसम साफ हो जाएगा। अगले तीन से चार दिनों तक सुबह के समय कोहरा और हल्के बादल बने रहने की संभावना है। वहीं, रात के तापमान में मामूली गिरावट के साथ ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।
