कपड़ा कंपनी आरएसडब्ल्यूएम को हरित ऊर्जा की आपूर्ति करेगी अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस

नयी दिल्ली, (वार्ता) एलएनजे भीलवाड़ा समूह की कपड़ा कंपनी आरएसडब्ल्यूएम ने अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) के साथ 60 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा आपूर्ति के लिए समझौता किया है।

दोनों कंपनियों ने बुधवार को एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि समझौते के तहत अडानी समूह की कंपनी आरएसडब्ल्यूएम की अतिरिक्त बिजली जरूरत के लिए पूरे हरित ऊर्जा वैल्यू चेन का प्रबंधन करेगा। इसके लिए आरएसडब्ल्यूएम ने ‘ग्रुप कैप्टिव स्कीम’ के तहत 60 करोड़ रुपये एईएसएल में 60 करोड़ रुपये की इक्विविटी निवेश किया है, जिसके जरिये हर साल कंपनी के राजस्थान के विनिर्माण संयंत्रों को 31.53 करोड़ यूनिट हरित ऊर्जा मिलेगी। इस कदम से आरएसडब्ल्यूएम की कुल ऊर्जा जरूरतों में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 33 प्रतिशत से बढ़कर करीब 70 प्रतिशत तक पहुंच जायेगी।

आरएसडब्ल्यूएम के अध्यक्ष, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिजु झुनझुनवाला ने कहा, “यह उपलब्धि हमारे दीर्घकालिक दृष्टिकोण को दर्शाती है, जिसमें विकास को सस्टेनेबिलिटी के साथ जोड़ा गया है और हमें उद्योग में एक भविष्योन्मुखी नेतृत्व कर्ता के रूप में मजबूती मिलती है। अपनी कुल ऊर्जा जरूरतों का 70 प्रतिशत नवीकरणीय स्रोतों से पूरा करके आरएसडब्ल्यूएम जिम्मेदार ऊर्जा संक्रमण में उद्योग के मानक स्थापित करना जारी रखे हुए है।”

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कंदर्प पटेल ने कहा, “इस ऐतिहासिक पहल के लिए आरएसडब्ल्यूएम के साथ साझेदारी करना हमारे लिए बहुत खुशी की बात है। यह इस बात को उजागर करती है कि स्थिरता किस प्रकार व्यवसायों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनती जा रही है। यह सहयोग नवीकरणीय ऊर्जा की क्षमता और प्रभाव का प्रमाण है, जो औद्योगिक विकास को मजबूत करने के साथ-साथ स्थिरता भी सुनिश्चित करता है। एक प्रमुख ऊर्जा समाधान प्रदाता के रूप में, हमें गर्व है कि हम अपने नवाचारों के जरिये उद्योगों को कार्बनमुक्त करने में सहायक भूमिका निभा रहे हैं।”

 

 

Next Post

यात्रियों को रास नहीं आ रहा नायता मुंडला बस स्टैंड

Thu Nov 6 , 2025
इंदौर. न्यू आरटीओ के पास नायता मुंडला में बनाया गया नया बस स्टैंड शुरू तो हो चुका है, लेकिन यात्रियों के लिए समस्याएं खड़ी हो चुकी हैं. जिनमें अधूरी एप्रोच रोड, बस स्टैंड तक आने-जाने में लगने वाला ज्यादा किराया, स्टैंड तक आने-जाने के लिए सिटी बसों की कमी मुख्य […]

You May Like