
भोपाल: प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी डॉ. मुकेश नायक ने बताया कि पचमढ़ी में चल रहा कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) के प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख एवं कार्यसमिति सदस्य सचिन राव के नेतृत्व में संचालित हो रहा है।
डॉ. नायक ने कहा कि इस शिविर में विशेषज्ञ रिसोर्स पर्सन की एक टीम विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दे रही है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह सिखाना है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा चुनावों में कथित रूप से पैसे, दबाव और प्रशासनिक शक्ति के दुरुपयोग का सामना अनुशासन और ईमानदारी से कैसे किया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में यह भी सिखाया जा रहा है कि मतदाता सूची तैयार करने से लेकर मतदान प्रक्रिया तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की निष्पक्ष और सकारात्मक भूमिका क्या होनी चाहिए।
प्रत्येक दिन शिविर की शुरुआत प्रातःकालीन शारीरिक व्यायाम से होती है, जिसके बाद अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाते हैं और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दिन का समापन होता है। यह शिविर प्रतिभागियों को आंतरिक और बाहरी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए सक्षम और रणनीतिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास है।
