
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ईंटखेड़ी में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर को संबोधित करते हुए क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने बैरसिया विधायक विष्णु खत्री की मांग पर ईंटखेड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अंचल के लोगों को अब बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने विधायक विष्णु खत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके जनसेवा कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर नागरिक को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
