5 साल के दो मासूमों की नाले में डूबने से मौत

जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत शिलपुरी गांव में आंगनवाड़ी से छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे दो 5 वर्षीय मासूम बच्चों की शनिवार शाम नाले के गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।बरेला पुलिस के अनुसार, शिलपुरी निवासी साहिल परस्ते (5) और रोमिक पट्टा (5) शनिवार को रोज की तरह गांव की आंगनवाड़ी गए थे। दोपहर को आंगनवाड़ी में छुट्टी होने के बाद दोनों बच्चे घर जाने के बजाय शाम करीब 4:30 बजे गांव के पास ही स्थित एक नाले की तरफ चले गए। नाले में पानी भरा हुआ था, जिसे देख दोनों मासूम खेल-खेल में उसमें नहाने के लिए उतर गए।

नहाते-नहाते दोनों बच्चे अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे। नाले के पास मौजूद महिलाओं ने जब बच्चों को डूबते देखा, तो उन्होंने शोर मचाते हुए चीख-पुकार शुरू कर दी। महिलाओं ने अपनी ओर से बच्चों को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण बच्चे देखते ही देखते आँखों से ओझल हो गए।
काफी देर तक जब बच्चे अपने घर नहीं पहुंचे, तो चिंतित परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान नाले के पास मौजूद ग्रामीणों ने परिजनों को बच्चों के पानी में डूबने की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही बरेला पुलिस और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद से पूरे शिलपुरी गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Next Post

सूने मकान से जेवरात, नगदी ले उड़े चोर

Sun Aug 2 , 2026
जबलपुर: कुंडम थाना अंतर्गत चांदनी चौक बघराजी में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोडक़र जेवरात, नगदी पार कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक शनिवार को अनिल कुमार कोल 52 वर्ष निवासी चांदनी चौक बघराजी ने रिपोर्ट दर्ज […]

You May Like