
छतरपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ICC महिला विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया और विश्व कप अपने नाम कर लिया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है, और मध्य प्रदेश के छतरपुर में तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के घर जश्न का माहौल है.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीतने पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रविवार रात को जारी अपने वीडियो संदेश में बुंदेली भाषा में भारतीय खिलाड़ियों की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की और कहा— “हमारी मोड़िया (लड़कियां) भी मोड़ों (लड़कों) से कम नहीं हैं।”
शास्त्री ने कहा कि भारत आज विज्ञान, रेल और खेल सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। चांद पर तिरंगा लहराने वाला भारत अब खेल के मैदान में भी नया इतिहास रच रहा है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट टीम की यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व की बात है और यह जीत नारी शक्ति की असली पहचान है।
बाबा बागेश्वर ने कहा— “भारत नित नई ऊंचाइयां छू रहा है। बेटियां अब इतिहास लिख रही हैं, सीमाएं नहीं।” उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
47 साल के लंबे इंतजार के बाद भारत ने रविवार को फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है।
