छतरपुर। 600 के दूध के हिसाब को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नांद निवासी विनोद यादव (30) पर तुड़यन पुरवा के जयपाल यादव और वीरा यादव ने कुल्हाड़ी और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। बताया गया कि विनोद के चाचा मिशन सिंह यादव (40) के यहाँ से बबलू यादव दूध लेता था।
दूध के भुगतान में ₹600 की गड़बड़ी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। इसी दौरान जयपाल और वीरा ने विनोद पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना बीते दिन सुबह की बताई जा रही है, जबकि घायल विनोद ने आज 2 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे जिला अस्पताल में पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। अस्पताल में उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस ने दबिश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में आए दिन छोटे विवाद बड़े झगड़ों का रूप ले लेते हैं, जिस पर पुलिस को सख्ती से नियंत्रण की जरूरत है।
