
रतलाम। टैंकर रोड स्थित विनोबा नगर में रविवार दोपहर एक हार्डवेयर और सेनेटरी की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग श्री राम हार्डवेयर एंड सेनेटरी नामक दुकान में करीब दोपहर 2 बजे लगी। आग लगने से दुकान में रखा हार्डवेयर का सामान, प्लास्टिक पाइप, नल सहित अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए 5 फायर लॉरी लगाई गई और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका। घटना की सूचना पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय दुकान बंद थी। अचानक आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा और तुरंत इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में आग की लपटें और घना धुआं दिखाई देने लगा, जिससे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। बताया जा रहा है कि दुकान संचालक राहुल पिता सुनील प्रसाद, निवासी विनोबा नगर रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ राजस्थान के सांवलियाजी मंदिर दर्शन के लिए गए हुए थे। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
