शिवपुरी: जिले के गोरा गांव में बीमार महिलाओं को इलाज के लिए सिंध नदी ट्यूब के सहारे पार कराई गई। भारती बाथम और बसंती बाथम को ग्रामीणों ने नदी के तेज बहाव के बीच ट्यूब पर बैठाकर दूसरी ओर पहुंचाया।मामला कोलारस जनपद की टीलाकलां पंचायत के गोरा गांव का है। गांव में सिंध नदी पर पुलिया नहीं होने के कारण तेज बारिश के कारण आसपास के क्षेत्रों से संपर्क कट गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों के पास नदी पार करने का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। इससे बीमारों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
बारिश में नदी का बहाव तेज होने पर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। गांव में न पुलिया है और न नाव की व्यवस्था। मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए कभी ट्यूब तो कभी खाट का सहारा लेना पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल जाने और ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए भी इसी जोखिम भरे रास्ते से नदी पार करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गोरा गांव में पुलिया बनाने की मांग वर्षों से लंबित है। इस संबंध में शासन-प्रशासन के अधिकारियों, स्थानीय विधायकों, सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों को कई बार आवेदन और ज्ञापन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
इस बारिश में सिंध नदी का जलस्तर बढ़ते ही गोरा गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट गया है। इससे गांव एक टापू जैसा बन गया है।
