
रीवा। रीवा में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस पूरे उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने ध्वजारोहण किया। समारोह में सामूहिक रूप से राष्ट्रगान और मध्यप्रदेश गान का गायन किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के इस गौरवशाली अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ऊर्जावान नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकसित भारत के विज़न को साकार करने की दिशा में दृढ़तापूर्वक अग्रसर है।
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हमें यह प्रेरणा देता है कि हम सब मिलकर अपने प्रदेश को विकास, स्वास्थ्य और खुशहाली के नए शिखरों तक पहुँचाएँ। आने वाला दशक “स्वस्थ, शिक्षित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश” के रूप में हमारे संकल्प का साक्षी बनेगा।
कार्यक्रम स्थल पर जिले की उपलब्धियों और उत्कृष्ट कार्यों तथा स्वसहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रही।
