
रीवा, रीवा लोकायुक्त पुलिस ने कार्यवाहक वनपाल को शनिवार की शाम 78 हजार रूपये की रिश्वत लेते पुर्वाफाल के पास सेमरिया में गिरफ्तार किया है. आरोपी द्वारा लकड़ी से लोड़ ट्रक को छोडऩे एवं जुर्माना की रकम कम करवाने के लिये दो लाख की रिश्वत मांगी थी और प्रथम किश्त 78 हजार रूपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नीरज यादव निवासी ग्राम धनिपुर थाना खैराबाद जिला सीतापुर यूपी द्वारा लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की गई थी कि वह ट्रक क्रमांक यूपी 15 डीटी 0614 का चालक है. लकड़ी लोड़ कर जिला मुरादाबाद यूपी जा रहा था. वन चौकी त्योंथर परिक्षेत्र सिरमौर में वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा 7 जून को ट्रक पकड़ लिया गया और जप्त ट्रक को छोडऩे एवं जुर्माना राशि कम करने के लिये दिनेश कुमार कार्यवाहक वनपाल वन परिक्षेत्र सिरमौर द्वारा दो लाख की रिश्वत मांगी गई है. शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी को नगद रिश्वत लेते पकडऩे की योजना बनाई. शिकायत सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाये जाने पर पहली किश्त के रूप में 78 हजार रूपया लेते हुए आरोपी कार्यवाहक वनपाल को स्वर्ण लोक ढ़ाबा रीवा-सेमरिया रोड़ पुर्वा फाल के पास लोकायुक्त की टीम ने धरदबोचा. आरोपी के विरूद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संसोधन अधिनियम 2018 के अन्तर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है. निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार सहित लोकायुक्त की टीम ने कार्यवाही को अंजाम दिया.
