इंदौर:इंदौर पुलिस ने हरियाणा के जींद सायबर थाना की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई कर एक फर्जी मेट्रिमोनियल कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है. यह गिरोह भारत वेडिंग एंड कम्युनिटी मैट्रिमोनियल के नाम से ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क चला रहा था. कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मौके से 90 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 1.40 लाख नकद, रसीद बुक, बैंक दस्तावेज और क्यूआर कोड जब्त किए हैं.
पुलिस उपायुक्त जोन-01 कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि संयुक्त टीम का नेतृत्व एरोड्रम थाना प्रभारी निरीक्षक तरुण सिंह भाटी ने किया. उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को हरियाणा के सायबर थाना जींद के पीएसआई संदीप कुमार अपनी टीम के साथ इंदौर आए, उन्होंने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में दर्ज एक ऑनलाइन ठगी प्रकरण में कुछ आरोपी इंदौर से संचालित फर्जी कॉल सेंटर के माध्यम से सक्रिय हैं. सूचना के आधार पर एरोड्रम पुलिस और जींद सायबर थाना टीम ने कालानी नगर स्थित आरती अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 302 पर दबिश दी.
वहां भारत वेडिंग एंड कम्युनिटी मैट्रिमोनियल नाम से फर्जी कॉल सेंटर चलाते हुए रितु पिता हरीशचंद्र नामदेव, प्रमीला रोकड़े पत्नी सूरज धार्मिक, प्रिया पत्नी छत्रपति रोकड़े, सूरज पिता भगवानदास धार्मिक को गिरफ्तार किया. पुलिस ने इनके कब्जे से 37 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 53 कीपैड मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप के साथ एक लाख 40 हजार 300 रुपए नकद के साथ रसीद बुक्स और संदिग्ध बैंक चेक बुक्स, 30 रजिस्टर, 4 क्यूआर कोड और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं
