
चोरी का माल खरीदने वाले को भी बनाया आरोपी
ड्रायवर को शराब पिलाकर चोरी किया था ट्रक
भोपाल, 24 जनवरी. मिसरोद इलाके में एक ड्रायवर को शराब पिलाकर सीमेंट से भरा ट्रक चोरी करने वाले 3 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है. चारों आरोपियों कब्जे से चोरी किया गया ट्रक और सीमेंट समेत करीब 27 लाख रुपये का माल बरामद हुआ है. कुछ सीमेंट की बोरियां आरोपियों ने गिरफ्तारी से पहले ही बेच दी थी. जानकारी के अनुसार फरियादी अग्निवेश मीणा राजस्थान का रहने वाला है और नंदकिशोर दशोराजी के लिए यहां ट्रक ड्रायवरी करता है. बीती 18 जनवरी को वह ट्राले में वंडर सीमेंट की 920 बोरी लादकर राजस्थान से भोपाल के बावडिय़ा कला के लिए निकला था. अगले दिन रात करीब आठ बजे विदिशा चौराहे के पास एक व्यक्ति मिला, जिससे ड्रायवर ने बिल्टी में दिया गया पता पूछा. उस व्यक्ति ने बताया कि वह हम्माली करता है, इसलिए बताए गए पते पर पहुंचा देगा. इस पर ड्रायवर ने उसे अपने ट्रक पर बिठा लिया. ट्रक में बैठने के बाद उस व्यक्ति ने ड्रायवर से दोस्ती कर ली और उसे मिसरोद स्थित ग्यारह मील तक लेकर आया. ढाबे पर ड्रायवर को पिलाई शराब मिसरोद स्थित एक ढाबे पर युवक ने ट्रक रुकवाया और अपने दो अन्य दोस्तों को भी बुला लिया. तीनों युवकों ने ड्रायवर अग्निवेश के जमकर शराब पिलाई, जिससे वह ढाबे पर ही सो गया. अगली सुबह नींद खुली तो उसका ट्रक गायब था. उसके बाद ड्रायवर ने राजस्थान पहुंचकर मालिक को घटना की जानकारी दी और वापस लौटने के बाद मिसरोद थाने जाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई. जीपीएस की मदद से बरामद हुआ ट्रक ट्रक मालिक ने बताया कि ट्राले में जीपीएस लगा हुआ था. पुलिस ने जब उसे ट्रैक किया तो उसकी लोकेशन खजूरी सड़क इलाके में मिली. इधर मुखबिरों ने बताया कि नंदी चौराहा मिसरोद के पास दो युवक सस्ते दामों पर सीमेंट बेचने की बात कर रहे थे. मौके पर पहुंची पुलिस ने संदेही नवीन पाटीदार निवासी श्यामपुर सीहोर और शहजाद खान निवासी झिरनिया थाना परवलिया बताया. ट्रक के बारे में पूछताछ पर पता चला कि अपने एक अन्य साथी करण गौर निवासी बृज कालोनी करोंद थाना निशातपुरा की मदद से चोरी किया था. ट्रक में लदी सीमेंट की 390 बोरी खजूरी सड़क स्थित आदर्श प्रिकास्ट के मालिक आदर्श रावत उर्फ नीरज को बेचना बताया. उसके बाद पुलिस ने करण गौर और आदर्श रावत को भी गिरफ्तार कर लिया. चोरी किया गया ट्रक सीहोर बायपास से बरामद कर लिया गया है.
