
कोहेफिजा स्थित खानूगांव का मामला
शनिवार सुबह आठ बजे लगी थी आग
भोपाल, 25 जनवरी. राजधानी के कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित खानूगांव में एक सिलाई सेंटर पर शनिवार सुबह करीब 8 बजे आग लग गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची करीब डेढ़ दर्जन दमकलों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया. हालांकि जब तक आग बुझाई जाती, उसके पहले सेंटर में रखा लाखों रुपये का सामान और मशीनें जल गईं. आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है. घटना के समय इमारत में करीब आधा दर्जन परिवार भी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. फायरा ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि शनिवार सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर सूचना मिली कि खानूगांव स्थित एक सिलाई सेंटर और गोडाउन में आग लग गई है. सूचना मिलते ही फायर कंट्रोल से दो दमकलों को मौके पर रवाना किया गया. कर्मचारियों ने आग बुझानी शुरू की, लेकिन आग काफी भड़क चुकी थी. उसके बाद पुल बोगदा, फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधी नगर और माता मंदिर फायर कंट्रोल से करीब डेढ़ दर्जन दमकलों को मौके पर पहुंचाया गया. फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया था. बच्चों को लेकर बाहर भागे परिवार फायर कंट्रोल प्रभारी इफ्तेखार ने बताया कि आग पहली मंजिल पर स्थित सिलाई सेंटर में लगी थी. अंदर कपड़े की गठानें होने के कारण कुछ ही देर में आग पूरी तरह से भड़क गई और तीसरी मंजिल तक पहुंच गई. इस इमारत में उस वक्त करीब आधा दर्जन परिवार थे. सभी लोग अपने बच्चों और महिलाओं को लेकर फौरन नीचे की तरफ भागे और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए. समय रहते जानकारी मिलने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. इधर दमकल कर्मचारियों ने अथक परिश्रम के बाद सुबह करीब 10 तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया था. आग की लपटें देख सहमें रहवासी सेंटर से धुआं निकलता देख लोगों ने शोर मचाया था, जिसके बाद इमारत में रहने वाले परिवार नीचे की तरफ भागे. कुछ देर में आग की लपटें कई फीट ऊंचाई तक दिखाई देने लगी और इलाके में काला धुआं छा गया. आग काफी भयावह होती जा रही थी, लेकिन दमकल कर्मचारियों ने समय रहते आग को बढऩे से बचा लिया. फिलहाल आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन सही कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा. आग से हुए नुकसान आंकलन फिलहाल नहीं हो पाया है.
