रोसारियो (अर्जेंटीना), 26 मई (वार्ता) भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने सोमवार को उरुग्वे को 3-2 से हराकर चार देशों के टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
आज यहां खेले गये मुकाबले में भारतीय टीम के लिए सोनम ने (21वें) और कनिका सिवाच ने (46वें, 50वें) मिनट में गोल किए। जबकि उरुग्वे के लिए मिलग्रोस सेगल ने (तीसरे) और अगस्टिना मैरी ने (24वें) मिनट में गोल दागे।
उरुग्वे की मिलग्रोस सेगल के तीसरे मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को सफलतापूर्वक गोल में बदलकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके दूसरे क्वार्टर में भारत की सोनम ने 21वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर (1-1) से बराकर कर दिया। हालांकि तीन मिनट बाद ही उरुग्वे ने अगस्टिना मैरी के गोल की बदौलत फिर से बढ़त हासिल कर
ली। तीसरे क्वार्टर के कोई गोल नहीं हुआ लेकिन कनिका सिवाच ने अंतिम चरण में दो गोल करके भारत को जीत दिला दी। उन्होंने 46वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया, उसके बाद 50वें मिनट में मैदानी गोल करके भारत की जीत पक्की कर दी।
भारत का अगला मुकाबला 28 मई को अर्जेंटीना से होगा।
