सतना: उप्र में अपेक्षाकृत कम टैक्स होने के कारण पेट्रोल और डीजल के दाम में लगभग 10 रु प्रति लीटर का अंतर होता है. इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए कुछ लोग उप्र में सीमा के पास संचालित पंप से थोकबंद पेट्रोल-डीजल की खरीदी कर लेते हैं और उसे मप्र में लाकर बेचते हुए मुनाफा कमाते हैं. इसी कड़ी में जिले के बरौंधा थाने की पुलिस ने पिकअप के जरिए लाया जा रहा 300 लीटर अवैध डीजल-पेट्रोल जब्त कर लिया.
धारकुण्डी थाना प्रभारी शैलेंद्र पटेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को ममुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली थी कि पिकअप के जरिए डीजल-पेट्रोल की तस्करी की जा रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने धारकुण्डी तिराहे पर घेराबंदी कर दी. इसी दौरान एक पिकअप वाहन आता नजर आया. जिसे जांच के लिए रोका गया. जांच करने में पिकअप में दो बड़े ड्रम रखे मिले.
जिसमें से एक में 150 लीटर पेट्रोल और दूसरे में 150 लीटर डीजल भरा मिला. इस संबंध में वाहन चालक और सवार से दस्तावेज मांगे गए. लेकिन उनके पास पेट्रोल-डीजल का परिवहन करने का कोई दस्तावेज नहीं मिला. जिसे देखते हुए पुलिस ने अवैध पट्रोल और डीजल सहित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया. इसके साथ ही पिकअप चालक और सवार विकास वासुदेव 22 वर्ष और तरुणेंद्र सिंह पटेल 25 वर्ष दोनों निवासी सेमरिया रीवा के विरुद्ध धारा 287 बीएनएस और 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनिययम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए विवेचना की जा रही है.
