नयी दिल्ली, 30 जनवरी (वार्ता) इंडिया गेट बासमती चावल ब्रांड का स्वमित्व वाली कंपनी केआरबीएल लिमिटेड ने अपनी नई पैकेजिंग लॉन्च करने की घोषणा की है जो उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।
कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि इस नई पैकेजिंग का उद्देश्य ग्राहकों को बेहतर जानकारी देना और उन्हें अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार सही उत्पाद चुनने में सक्षम बनाना है। इस बदलाव की यात्रा उपभोक्ता व्यवहार को समझने के लिए किए गए शोध से शुरू हुई। अध्ययन से यह स्पष्ट हुआ कि उत्पाद की विस्तृत जानकारी का अभाव और मूल्य के आधार पर निर्णय लेना उपभोक्ताओं के सामने प्रमुख चुनौतियां थीं। इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई पैकेजिंग तैयार की गई, जो ग्राहकों के लिए उत्पाद विकल्पों को अधिक स्पष्ट और पारदर्शी बनाएगी तथा उनके विश्वास को मजबूत करेगी।
कंपनी के भारत बिजनेस प्रमुख आयुष गुप्ता ने कहा “ नई पैकेजिंग उपभोक्ताओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लंबे समय से चली आ रही चुनौतियों का समाधान कर हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ग्राहक बासमती चावल को लेकर ज्यादा जागरूक हों। इसमें एआर-सक्षम क्यूआर कोड से लेकर वैरिएंट-विशिष्ट प्रीफिक्स जैसी विशेषताएं जोड़ी गई हैं, जो ग्राहकों की खरीदारी प्रक्रिया को सरल और अधिक लाभकारी बनाएंगी। इस पैकेजिंग को एक उद्देश्य के साथ तैयार किया गया है, जो न केवल आकर्षक और उपयोगी है, बल्कि हमारे मूल्यों से भी पूरी तरह जुड़ी हुई है। यह पहल न केवल गुणवत्ता और इनोवेशन के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि उद्योग में एक विश्वसनीय अग्रणी के रूप में हमारी विरासत को और मजबूत भी करती है। यह नया पैकेजिंग एक बहु-चरणीय अभियान की शुरुआत है।”
कंपनी के आधुनिक व्यापार और ई-कॉमर्स के मार्केटिंग प्रमुख एवं बिजनेस प्रमुख कुणाल शर्मा ने इसे लाँच करने के मौके पर कहा कि इंडिया गेट की समृद्ध विरासत और आधुनिक डिज़ाइन तत्वों को मिलाकर एक ऐसी पैकेजिंग विकसित की गई, जो अलग-अलग उपभोक्ता समूहों की आवश्यकताओं को पूरा कर सके। व्यापक शोध और परीक्षण के बाद तैयार की गई यह नई पैकेजिंग पारंपरिकता और आधुनिकता का बेहतरीन मिश्रण है। इसमें विस्तृत उत्पाद जानकारी, उपभोक्ता-अनुकूल चित्रण और क्यूआर कोड जैसी इंटरैक्टिव सुविधाएं शामिल की गई हैं, जो ग्राहकों को एक सहज और बेहतर अनुभव प्रदान करेंगी।

