फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों की ठगी, कॉलोनाइजर व साथी धराए

इंदौर:कृषि भूमि के फर्जी दस्तावेज बनाकर करोड़ों रुपए का लाभ उठाने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच की ईओडब्ल्यू टीम ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में दो कॉलोनाइजर को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित नक्शे और अनुबंध तैयार कर करोड़ों रुपए की ठगी की थी.एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आवेदक विशाल सिंह की शिकायत पर क्राइम ब्रांच की फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम ने यह कार्रवाई की. शिकायत में आरोप था कि कुछ लोगों ने फर्जी अनुबंध और नक्शा बनाकर करोड़ों की कीमत वाली कृषि भूमि का फर्जी सौदा कर लिया.

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने भूमि स्वामित्व को लेकर न्यायालय में मामला लंबित रहने के बावजूद तथ्यों को छुपाकर नकली कॉलोनी का नक्शा और अनुबंध तैयार किया तथा उक्त भूमि को तीसरे पक्ष को बेचकर करीब 3 करोड़ 62 लाख रुपए का अनुचित लाभ अर्जित किया. गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण सिसोदिया और प्रवीण पूनमचंद के नाम शामिल हैं. इनके अन्य साथियों चंदन पिता प्रभुलाल, मेहरबान सिंह पिता प्रभुलाल, सीमाबाई पति दशरथ और कृष्णाबाई पति मोहनलाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर सुनियोजित तरीके से दस्तावेजों में हेरफेर कर यह ठगी की. पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक और संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए हैं. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज कर लिया है. क्राइम ब्रांच की ईओडब्ल्यू इन्वेस्टिगेशन टीम ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई है. पुलिस अब आरोपियों की रिमांड लेकर उनके बैंक खातों, सहयोगियों और फर्जी दस्तावेजों सहित आरोपियों द्वारा ठगी के अन्य मामलों की जानकारी भी जुटा रही है.

Next Post

महिला को मदद के बहाने उज्जैन बुलाया, रतलाम में बेच दिया

Sat Nov 1 , 2025
इंदौर:राउ पुलिस ने एक महिला की गुमशुदगी की जांच के दौरान चौंकाने वाला मामला उजागर किया है. पुलिस ने महिला को रतलाम से बरामद कर लिया है. दरअसल, उसे एक महिला ने अपने रिश्तेदार की मदद से बेच दिया था. पुलिस ने खरीदार और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया […]

You May Like