‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में सात साल का लीप ,वकील के रूप में पुष्पा की दमदार और निडर नई शुरुआत

मुंबई, 31 अक्टूबर (वार्ता)सोनी सब के लोकप्रिय शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में सात साल का बड़ा लीप आयेगा।
शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ अब तक पुष्पा पटेल (करुणा पांडे) की संवेदनशील और प्रेरक कहानी के ज़रिए हर उस महिला का प्रतीक बन चुका है, जो मुश्किलों के आगे झुकती नहीं। अब शो तीन नवंबर से सात साल का बड़ा लीप ले रहा है और दर्शकों को दिखाएगा पुष्पा के जीवन का एक नया अध्याय, जिसमें होंगे नए आरंभ, बदलते रिश्ते और अप्रत्याशित मोड़।
लीप के बाद कहानी में एक बड़ा परिवर्तन दिखेगा। 42 साल की उम्र में फिर से स्कूल जाकर अपने शिक्षा के सपने को पूरा करने वाली पुष्पा अब वर्षों की मेहनत, दृढ़ निश्चय और अटूट आत्मबल के बाद एक वकील बन चुकी है। वो भी ऐसे पेशे में जहाँ पुरुषों का दबदबा है। लेकिन पुष्पा की सफलता की राह आसान नहीं है। कानून की डिग्री हासिल करने और एडवोकेसी की दुनिया में कदम रखने के बाद भी, उसे नए संघर्षों का सामना करना पड़ता है। अब उसकी लड़ाई सिर्फ अदालत में न्याय के लिए नहीं है, बल्कि उस सम्मान और स्वीकृति के लिए भी है जिसकी वह हकदार है। समाज की धारणाओं और पेशेवर चुनौतियों से जूझते हुए पुष्पा हर बाधा को साहस और आत्मविश्वास से पार करती है।यह साबित करते हुए कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी असंभव नहीं।
इस लीप के साथ उसकी पारिवारिक ज़िंदगी में भी बदलाव आता है। अब बच्चे बड़े हो चुके हैं ।अपने-अपने सपनों, संघर्षों और उलझनों से जूझते हुए। एक माँ और एक पेशेवर महिला के रूप में पुष्पा को दोनों भूमिकाओं के बीच संतुलन बनाए रखना सीखना पड़ता है, और इसी सफर में वह हर दिन कुछ नया सीखती है ।यह परिभाषित करते हुए कि ‘रुकना नहीं’ असल में क्या होता है।
करुणा पांडे ने कहा, “यह लीप मेरे लिए बेहद खास है क्योंकि यह उसी संदेश को आगे बढ़ाता है जो शो की आत्मा है ।दृढ़ता से विकास। मैं सालों से पुष्पा के किरदार के साथ जी रही हूँ और अब वह मेरे भीतर का हिस्सा बन चुकी है। कई बार मैं खुद से पूछती हूं। ‘इस स्थिति में पुष्पा क्या करती?’ अब जब पुष्पा एक वकील के रूप में सामने आ रही है, तो यह मेरे लिए उतना ही भावनात्मक और रोमांचक है। मैं खुद को उससे जोड़ पाती हूँ क्योंकि एक कलाकार के रूप में हमें भी बार-बार अपनी काबिलियत साबित करनी पड़ती है। यह लीप सिर्फ पुष्पा की जीत नहीं है। यह हर उस औरत के लिए संदेश है जिसे कभी कहा गया कि उसका वक्त बीत गया या अब वो फिर से शुरुआत नहीं कर सकती। मुझे पूरा विश्वास है कि दर्शक इस नए चरण से गहराई से जुड़ेंगे क्योंकि यह सपने देखने, आगे बढ़ने और हर परिस्थिति में हिम्मत बनाए रखने की कहानी है।”

Next Post

हम एसे कार्यों को बढ़ावा देंगे जो देश की एकता को मजबूती दें: मोदी

Fri Oct 31 , 2025
एकता नगर, 31 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के एकता नगर में कहा कि हमने संकल्प लिया है कि हम ऐसे कार्यों को बढ़ावा देंगे जो देश की एकता को मजबूती दें। श्री मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में यहां आयोजित […]

You May Like