बिरसा मुंडा ने सामाजिक और आर्थिक अन्याय के विरूद्ध बिगुल बजाया: कुमरे

ग्वालियर: जब ब्रिटिश अधिकारी और स्थानीय जमींदार जनजातीय समुदाय का शोषण कर रहे थे, तब धरती आबा बिरसा मुंडा ने सामाजिक और आर्थिक अन्याय के विरूद्ध बिगुल बजाते हुए जनजातीय लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। साथ ही ब्रिटिश उत्पीड़न के विरुद्ध उलगुलान का जयघोष कर मुंडा विद्रोह का नेतृत्व किया। यह बात राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय भोपाल में जनजातीय अध्ययन केंद्र के सलाहकार विक्रांत सिंह कुमरे ने कही।

वह जीवाजी विश्वविद्यालय के जनजातीय अध्ययन एवं विकास केंद्र, प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व अध्ययनशाला में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित व्याख्यान में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉ. राजकुमार आचार्य ने की। संयोजक जनजातीय अध्ययन एवं विकास केन्द्र के समन्वयक डॉ. शांतिदेव सिसोदिया थे।

इस अवसर पर भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता हुई, साथ ही जनजातीय नायकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। अध्यक्षता कर रहे कुलगुरु डॉ. राजकुमार आचार्य ने कहा कि बिरसा मुंडा जैसे जननायक ने मात्र 25 वर्ष की उम्र में ही राष्ट्र के लिए अपना बलिदान दिया। और देश के युवाओं को जनजागृत कर अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध एकत्रित किया। हम सभी उनके बताए हुए सिद्धांतों पर चलें, यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम संयोजक डॉ. शान्तिदेव सिसोदिया ने कहा कि एक समय भगवान बिरसा मुंडा व अन्य जनजातीय नायकों का नाम इतिहास में गुमनाम था।

परंतु जब केंद्र सरकार ने बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया, तब से युवा पीढ़ी को ऐसे महान देशभक्तों के वीरतापूर्ण योगदान के बारे में जानकारी मिली। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान लेने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों के साथ कार्यक्रम संयोजक डॉ. शांतिदेव सिसोदिया ने सम्मानित किया। साथ ही जिन 50 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, उन्हें भी प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर डॉ. सतेन्द्र सिकरवार, डॉ. रेनू गर्ग, डॉ. दीप्ति राठौर, डॉ. आनंद कुशवाह, डॉ. अमित यादव, डॉ. शिवकुमारी सिंह, डॉ. गंगोत्री मिश्रा, डॉ. कृतिका प्रधान, राहुल कुमार, पूर्णिमा यादव, वैशाली गुर्जर, राजकुमार गोखले, प्रिया सुमन, राहुल बरैया आदि उपस्थित रहे।

Next Post

मोदी ने झारखंड के निवासियों को दी राज्य स्थापना दिवस की बधाई

Sat Nov 15 , 2025
नयी दिल्ली, 15 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को झारखंड के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। गौरतलब है कि आज भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी है।श्री मोदी ने झारखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत और ऐतिहासिक साहस पर ध्यान केंद्रित करते हुए […]

You May Like